फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: मुस्लिम मतों को साधने के लिए सपा ने की यह तैयारी... नेताओं ने डाला डेरा, स्थानीय चेहरों को दी जिम्मेदारी

Mon, 11 Nov 2024 11:02 AM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद

सार

कुंदरकी उपचुनाव में जीत के लिए सपा ने मुस्लिम मतों को एकजुट रखने और भाजपा को रोकने के लिए बड़े मुस्लिम नेताओं को क्षेत्रवार जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ओबीसी और दलित मतदाताओं को भी पीडीए के तहत एकजुट करने की रणनीति बना रही है।
विज्ञापन
समाजवादी पार्टी की जनसभा। (FILE) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

समाजवादी पार्टी ने कुंदरकी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में जीत हासिल करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी की ओर से मुस्लिम मतदाताओं को एकजुट रखने के लिए भी विशेष तैयारी की जा रही है। इसके लिए मुस्लिम वर्ग के बड़े नेताओं को क्षेत्रवार जिम्मेदारी सौंपी जा रही है, ताकि वह मुस्लिम मतों में बिखराव पर अंकुश लगा सकें।

विज्ञापन


कुंदरकी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में कुल 12 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इसमें 11 प्रत्याशी मुस्लिम हैं, जबकि महज भाजपा प्रत्याशी ही गैर मुस्लिम हैं। भाजपा को छोड़कर सभी उम्मीदवार मुस्लिम होने के चलते यह अंदेशा जताया जा रहा है कि मुस्लिम मतों में बिखराव हो सकता है, जिसका फायदा भाजपा प्रत्याशी को मिल सकता है।

सपा ने भी इन संभावनाओं को नजरअंदाज नहीं किया है। पार्टी की ओर से भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह के ब्लाक मूंढ़ापांडे में राज्यसभा सांसद जावेद अली को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि वह वोट में सेंधमारी पर अंकुश लगा सकें।
विज्ञापन


पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने जावेद अली के अलावा भी कई अन्य मुस्लिम चेहरों को इस उपचुनाव में वोटों की सेंधमारी को रोकने के लिए जिम्मेदारी सौंपी है।

जावेद अली के अलावा संभल के सांसद जियाउर्रहमान बर्क, कैराना सांसद इकरा हसन चौधरी, विधायक एवं पूर्व मंत्री कमाल अख्तर, पूर्व मंत्री महबूब अली, विधायक मो. फहीम, विधायक इकबाल महमूद आदि को कुंदरकी विधानसभा सीट पर हाजी रिजवान के समर्थन में मुस्लिम मतों में सेंधमारी को रोकने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इनमें से कई नेताओं ने क्षेत्र में डेरा भी डाल रखा है। इसके साथ ही पार्टी ओबीसी और दलित मतदाताओं को भी पीडीए के नारे के तहत एकजुट करने के उद्देश्य से रणनीति तैयार करने में जुटी हुई है। पार्टी के जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव का कहना है कि लोकसभा की तरह कुंदरकी के उपचुनाव में भी पीडीए का नारा हिट होगा और पार्टी को जीत मिलेगी।

Trending Videos
विज्ञापन

भाजपा नफरत की राजनीति करती है: चंद्रशेखर

आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कुंदरकी उप चुनाव को लेकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। आरोप लगाया कि प्रदेश में मदरसे बंद कर दिए गए। भाजपा सिर्फ नफरत की राजनीति करती है। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद कुंदरकी उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी चांद बाबू के समर्थन में रविवार की शाम खवडिया भूड में नुक्कड सभा को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा का सबका साथ सबका विकास नारा सिर्फ दिखावा है। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने मदरसे बंद करा दिए, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उस आदेश पर रोक लगा दी। तालीम से समाज तरक्की करता है। प्रदेश में विकास कार्य अवरुद्ध हो गया है। युवक रोजगार के लिए भटक रहे हैं।

नगीना की जनता ने उनको चुनकर लोकसभा में भेजा है, लेकिन विधानसभा में उनका कोई प्रतिनिधि नहीं है। सांसद ने दलित मुस्लिम के गठजोड़ को समझाते हुए अपने पार्टी के प्रत्याशी को समर्थन देने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुमित कुमार, प्रत्याशी चांद बाबू, ब्लाॅक अध्यक्ष विजेंद्र सिंह, रजनीश कुमार, सचिन चौधरी, शहफुद्दीन आदि उपस्थित थे।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें