फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: शाहनूर करता रहा वारदात... मुरादाबाद पुलिस डालती रही पर्दा, डकैती को चोरी में किया दर्ज, पीड़ितों को धमकाया

Fri, 19 Jul 2024 02:18 PM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद

सार

यूपी एसटीएफ ने शाहजहांपुर में एक लाख के इनामी शाहनूर को मुठभेड़ में मार गिराया। बदमाश के मारे जाने के बाद पीड़ितों ने बताया कि पुलिस ने डकैती की घटना को चोरी में दर्ज किया। इसके बाद शाहनूर का हौसला बढ़ता रहा। 
विज्ञापन
गैंगस्टर शाहनूर का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शाहजहांपुर में एसटीएफ के एनकाउंटर में ढेर एक लाख के इनामी बदमाश शाहनूर पर मुरादाबाद की पुलिस मेहरबान रही। शाहनूर अपने गैंग के साथ डकैती की वारदातें करता रहा और पुलिस उन्हें चोरी में दर्ज कर पर्दा डालती रही। अब शाहनूर मारा गया है तो पीड़ित परिवार खुलकर सामने आ गए हैं।

विज्ञापन


उनका कहना है कि हमारे घरों में तो डकैती की घटनाएं हुई थीं, लेकिन पुलिस ने हमें ही डरा धमकाकर चोरी की तहरीर देने को मजबूर कर दिया था। संभल के हयात नगर थाना क्षेत्र के सराय तरीन भूड़ निवासी शाहनूर उर्फ शानू ने अपने गैंग के साथ छह नवंबर 2022 की रात मुरादाबाद जनपद के मैनाठेर थाना क्षेत्र के ग्राम मिलक कठेर गांव में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था।

यहां बदमाश श्यामवीर सिंह और उनके भाई जसवीर सिंह के मकान में घुस गए थे। बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर सोने चांदी के जेवर, 21 हजार की नकदी, दो कैन मैंथा तेल समेत अन्य कीमती सामान बटोर कर ले गए थे। विरोध करने पर परिवार के साथ मारपीट भी की गई थी।
विज्ञापन


पीड़ित परिवारों ने पुलिस से शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने इस वारदात को चोरी में दर्ज कर पर्दा डाल दिया था। पीड़ित किसान जसवीर का कहना है कि पुलिस ने उन्हें डरा धमकाकर चोरी की तहरीर देने के लिए दबाव बना दिया था।

घटना चोरी में दर्ज हुई तो शाहनूर के गिरोह का दुस्साहस और बढ़ गया। इसके बाद इस गिरोह ने 18 नवंबर 2022 की रात मैनाठेर के खजरा गांव में किसान अकबर अली के घर में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। अकबर अली ने बताया कि उस वक्त वह घेर में सो रहे थे।

घर में बेटे और बहुएं सो रही थीं। इसी दौरान बदमाश पड़ोसी के मकान की छत से घर में पहुंच गए। बदमाशों ने बहू और बेटों को बंधक बनाकर लूटपाट की थी। बदमाश 18 तौला सोना और करीब 3 लाख रुपये की नकदी ले गए थे। घटना से 15 दिन पहले ही एक बेटे की शादी हुई थी।

अकबर अली ने बताया कि पुलिस ने उन्हें इतना डरा दिया था कि अगर डकैती की रिपोर्ट दर्ज कराएंगे तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें। सोने चांदी के जेवर और नकदी भी नहीं मिलेगी। अकबर अली का कहना है कि उन्हें अब तक न तो जेवर मिले और न ही नकदी मिली है।

डकैती की वारदातों को चोरी में दर्ज करने जैसी कोई शिकायतें नहीं मिली हैं। यदि पीड़ित परिवारों से कोई शिकायत मिलेगी तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - सतपाल अंतिल, एसएसपी
विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें