देहरादून स्थित आईएसबीटी में रोडवेज की बस में सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई किशोरी को लेकर नया खुलासा हुआ है। किशोरी से उसके सौतेले भाई ने भी दरिंदगी की थी। सोमवार को मूंढापांडे थाने की पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव निवासी ग्रामीण की नाबालिग बेटी बिना बताए घर से निकल गई थी। वह रोडवेज की बस में बैठकर देहरादून पहुंच गई थी।
12 अगस्त 2024 की रात देहरादून स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डे पर पांच लोगों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था। इस मामले में देहरादून के रायपुर थाने की पुलिस ने रोडवेज बस के कंडक्टर, तीन ड्राइवर और एक कैशियर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इसके अलावा पीड़िता ने अपने बयानों में बताया था कि उसके साथ मुरादाबाद में भी अलग-अलग जगह कई लोगों ने दुष्कर्म किया है। इस मामले में देहरादून की पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर उसकी विवेचना मुरादाबाद ट्रांसफर कर दी थी। मूंढापांडे थाने के क्राइम इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि पीड़िता ने अपने बयान में सौतेले भाई पर भी दुष्कर्म का आरोप लगाया।