बार-बार जुर्माना लगाए जाने के बाद भी लोग यातायात नियम तोड़ने से नहीं बाज नहीं आ रहे। ऐसे में परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बीते 11 महीने में यातायात नियम तोड़ने वाले 391 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। जबकि निरस्तीकरण की कार्रवाई चल रही है। बीते नवंबर में यातायात माह में भी लोग नियम तोड़ते रहे।
ऐसे 35 चालकों के लाइसेंस निलंबित हुए हैं, उनकी भी निरस्तीकरण की कार्रवाई होगी। इससे पहले अक्तूबर महीने में 33 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। ये कार्रवाई बिना हेलमेट, नशे में वाहन चलाना, तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर पर की गई है। लाइसेंस निलंबित की कार्रवाई की जद में आए अधिकांश चालक गैर जनपद और गैर प्रांतों के है।
शासन 2030 तक सड़क हादसों में मौतों का आंकड़ा शून्य पर लाना चाहता है। बावजूद इसके सड़क हादसों में मरने वालों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। प्रति वर्ष सड़क हादसों में हजारों की संख्या में लोगों की जान जाती है। जबकि कई हजार लोग दिव्यांग हो जाते हैं। अफसरों की माने तो 80 प्रतिशत सड़क हादसे वाहन चालकों की गलती से होते हैं।
15 से 31 दिसंबर तक चला सड़क सुरक्षा पखवाड़ा
सीएम ने अफसरों को निर्देशित किया है कि आगामी 15 दिसंबर से 31 दिसंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़े के रूप में मनाया जाए। गृह, परिवहन, पीडब्ल्यूडी, बेसिक, माध्यमिक शिक्षा, एक्सप्रेसवे और हाइवे प्राधिकरण आदि के बेहतर समन्वय के साथ इसे सफल बनाना होगा। यूपी देश का पहला राज्य है जिसने सड़क दुर्घटना जांच योजना प्रारंभ की है।
यातायात नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
- बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाना
- नशे की हालत में वाहन चलाने पर
- जेब्रा लाइन पार करने पर
- ओवर स्पीड ड्राइविंग करने पर
- बिना सीट बेल्ट के कार चलाने पर
नवंबर माह में काटे गए चालान
बिना हेलमेट 922
बिना सीट बेल्ट 327
मोबाइल पर बात 94
नशे की हालत में 14
गलत दिशा 106
यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकाें के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। 11 महीने में 391 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। साथ ही लाइसेंसों को निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। टीमें हाईवे व अन्य मार्गों पर भी लगाई गई हैं, ओवर लोडिंग, नशे में वाहन चलाने व अन्य तरह से नियम तोड़ने पर कार्रवाई कर रही हैं।
- महेश चंद्र शर्मा, एआरटीओ अमरोहा