अमरोहा के युवा चित्रकार ने भी सीडीएस बिपिन रावत को श्रद्धांजलि दी है। जुहैब खान ने कोयले से जनरल रावत का आठ फीट का चित्र बनाया। चित्रकार जुहैब खान ने बताया कि बुधवार को हुए हेलीकाप्टर हादसे में जान गंवाने वाले सीडीएस बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका की आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए उनको श्रद्धांजलि दी है।
विद्यार्थियों ने पोट्रेट बनाकर दी बिपिन रावत को श्रद्धांजलि
वहीं, मुरादाबाद के चित्रगुप्त इंटर कालेज के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। कला विभाग में डॉ. नवनीत गोस्वामी के निर्देशन में विद्यार्थियों ने जनरल बिपिन रावत का पोट्रेट बनाया और देश सेवा में दिए गए उनके योगदान को याद किया।
पोट्रेट बनाने वाले विद्यार्थियों में मंदीप सिंह, हरिओम मिश्र, शब्द गुप्ता, मोहम्मद अमान शामिल रहे। इस दौरान प्रधानाचार्य वीर सिंह, कैप्टन शिव कुमार, राजीव पाठक, राकेश वर्मा, पंकज, जितेंद्र सिंह, प्रिंस, विशाल दीक्षित आदि मौजूद रहे।
हेलीकॉप्टर हादसे में रावत समेत 13 की गई थी जान
तमिलनाडु में कुन्नूर के करीब हेलीकॉप्टर हादसे में सीडीएस जनरल बिपिन रावत का निधन हो गया। इस हादसे में उनकी पत्नी की भी जान चली गई। हेलीकॉप्टर में सवार कुल 14 लोग सवार थे जिनमें से 13 की मौत हो गई। हालांकि, भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह एक मात्र जवान जो इस हादसे में बच गए हैं। वह गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
वहीं, गुरुवार को कुन्नूर में सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मारे गए सभी 13 मृतकों के पार्थिव शरीर को विमान से दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर लाया गया। यहां सीडीएस जनरल बिपिन रावत और अन्य सभी को श्रद्धांजलि दी गई। पीएम मोदी, राजनाथ सिंह, एनएसए डोभाल और तीनों सेनाओं के प्रमुख भी पालम एयरबेस पहुंचे और जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
जनरल रावत का अंतिम संस्कार दिल्ली में शुक्रवार को होगा। वहीं, सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना में शहीद हुए ब्रिगेडियर एलएस लिड्डर का अंतिम संस्कार कल दिल्ली कैंट में शाम 7.15 बजे किया जाएगा।