मुरादाबाद। कोहरे के कारण गुरुवार सुबह छजलैट थानाक्षेत्र स्थित हरिद्वार हाईवे पर फर्नीचर ले जा रहे वाहन को कैंटर ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बरेली निवासी माल वाहक वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है।
बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र के मोहल्ला समानतगंज निवासी राशिद (22) क्षेत्र के मुन्ना के माल वाहक वाहन के चालक हैं। बुधवार रात वे बरेली से रिश्ते के भाई सुभान के साथ दहेज का फर्नीचर लाद कर उसे छोड़ने बिजनौर जिले के नहटौर जा रहे थे।
मुरादाबाद के छजलैट थानाक्षेत्र के गांव भीकनपुर में कोहरे के कारण विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनके वाहन में टक्कर मार दी। हादसे में राशिद गंभीर और कैंटर चालक सुभान मामूली रूप से घायल हुए। राहगीरों की मदद से पुलिस ने राशिद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही राशिद के परिवार वाले भी जिला अस्पताल पहुंच गए।