मुरादाबाद। जिले में मलेरिया के दो और मरीज मिले हैं। इन मलेरिया पीड़ितों में एक मूंढापांडे तो दूसरा संभल का रहने वाला है। वहीं जिले की सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में 355 बुखार पीड़ित पहुंचे। जिला अस्पताल में बुखार के चार मरीजों को भर्ती किया गया।
जिले में वायरल का प्रकोप कम नहीं हो रहा है।
साथ ही डेंगू और मलेरिया के मरीज भी सामने आ रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में करीब 1500 मरीज पहुंचे। इसमें 50 मरीज बुखार के पाए गए। चार बुखार पीड़ितों को जिला अस्पताल के फीवर वार्ड में भर्ती करना पड़ा।
दूसरी ओर सीएचसी-पीएचसी की ओपीडी में इलाज कराने 5136 मरीज पहुंचे। स्वास्थ्य परीक्षण में 305 मरीज बुखार पीड़ित मिले। वहीं दो मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। हालांकि डेंगू का कोई नया केस नहीं मिला।