मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा के कुंआखेड़ा स्थित भगवंत सिंह डिग्री कॉलेज में हाईस्कूल की कॉपियां लिखते हुए पकड़े गए सॉल्वर गैंग के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को उठाया है। पुलिस ने सॉल्वरों से पूछताछ और कॉल डिटेल के जरिये मिले इनपुट के आधार पर दोनों को पकड़ा है। इनसे पूछताछ के जरिये पुलिस इस गिरोह के जड़ तक जाने के प्रयास में जुटी है।
ठाकुरद्वारा के कुंआखेड़ा स्थित भगवंत सिंह डिग्री कॉलेज में बुधवार सीओ ठाकुरद्वारा अनूप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने छापा मारकर पंद्रह सॉल्वर समेत 26 आरोपियों को पकड़ा था। यहां यूपी बोर्ड की हाईस्कूल अंग्रेजी विषय की कॉपियां लिखी जा रही थीं। पुलिस ने ये कार्रवाई डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह के पास आई एक अनजान मोबाइल नंबर के बाद की थी। मौके से 15 उत्तरपुस्तिकाएं और प्रश्नपत्र की फोटो स्टेट कॉपियां मिलीं थीं। पकड़े गए आरोपियों में चार महिलाएं और तीन नाबालिग भी थे। इस मामले में भगवंत सिंह डिग्री कॉलेज के प्रबंधक डॉ. बलराम सिंह, बीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुभाष कुमार समेत 25 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। जबकि तीन नाबालिग राजकीय किशोर संप्रेक्षण गृह भेजे गए हैं। जेल भेजने से पहले पुलिस ने सभी आरोपियों से अलग अलग पूछताछ की थी। जिससे पुलिस को अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिली थी। इसके अलावा इनके मोबाइल कॉल डिटेल से भी पुलिस को इनपुट मिला था। जिसके जरिये पुलिस ने शनिवार को दो और आरोपियों को उठा लिया। पकड़े गए आरोपियों के साथ भी सॉल्वर गैंग से जुड़े हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ की जा रही है।
हालांकि पुलिस ने आरोपियों की अभी गिरफ्तारी नहीं दिखाई है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विद्या सागर मिश्र ने बताया कि केस की विवेचना जारी है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में भी टीम लगातार काम कर रही है।