अमरोहा में बहन के रुपये चोरी करने के आरोप में पिटाई से नाराज 12 साल के बालक ने पिता को गोली मार दी, जिससे वह लहूलुहान हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालत में उनको मुरादाबाद रेफर कर दिया है।
पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। आरोपी बेटे को पकड़ लिया है। एक तमंचा बरामद किया गया है। घटना डिडौली कोतवाली क्षेत्र के चक सूरजपुर गांव की है। गांव के 45 वर्षीय किसान के परिवार में पत्नी, तीन बेटे और एक बेटी है।
बड़ा बेटा गाजियाबाद और दूसरे नंबर का बेटा मुरादाबाद में नौकरी करता है। जबकि सबसे छोटा बेटा (12 वर्ष) घर पर ही रहता है। उनकी बेटी की शादी मुरादाबाद के गोट-बीजना गांव में हुई है। वह छुट्टियों में घर आई है।
बताया गया है कि छोटे बेटे ने अपनी बहन के दो हजार रुपये चोरी कर लिए। बेटी ने इसकी शिकायत अपनी मां से की। यह बात पिता को पता चल गई। उन्होंने बेटे से चोरी किए रुपये वापस मांगे। इसी बात को लेकर पिता ने बेटे को डंडे से पीट दिया। उसके सिर में चोट लग गई।