मुरादाबाद। नौ अप्रैल की देर रात फैजाबाद-दिल्ली और लालकुआं अमृतसर एक्सप्रेस में हुई लूट का जीआरपी ने खुलासा किया है। इसमें आरोपी गौरव मलखान ठाकुर (28) निवासी लाइनपार प्रकाश नगर, दीपक उर्फ लक्की (30) निवासी गोविंद नगर थाना कटघर को गिरफ्तार किया गया है। बुधवार देर रात जीआरपी और लुटेरों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी गौरव के पैर में गोली लगी है। जबकि आरोपी दीपक को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा है।
इसके अलावा मुख्य आरोपी अमित निवासी सूर्यनगर मौके से फरार हो गया। आरोपी गौरव और दीपक ने अपने चौथे साथी का नाम अभिषेक निवासी कांशीराम नगर बताया है। अब पुलिस की चार टीमें अमित और अभिषेक की तलाश में दोनों की तलाश में जुट गई हैं। पकड़ गए आरोपियों से जीआरपी को छह मोबाइल, एक तमंचा, कारतूस, एक चाकू, 3400 रुपये नकद, झुमकी, बाली और मंगलसूत्र बरामद हुए हैं। बुधवार देर रात जीआरपी को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन लोग कटघर रेलवे यार्ड के पास बैठे हैं और उनके पास हथियार भी हैं।
इस पर जीआरपी थाना प्रभारी सुधीर कुमार के नेतृत्व में टीम ने दबिश दी। जीआरपी का कहना है कि आरोपियों ने पुलिस पर तमंचे से फायर किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी गौरव मलखान ठाकुर के पैर में गोली लग गई। गौरव और दीपक को पुलिस ने दबोच लिया। जबकि मुख्य आरोपी अमित मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया है। साथ ही बताया है कि उनका चौथा साथी अभिषेक घटना के बाद से ही गायब है। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में जीआरपी एसआई चमन सिंह, शैलेंद्र सिंह, आरपीएफ के एसआई भागीरथ नेहरा समेत 12 पुलिसकर्मी शामिल हैं।
मोबाइल ट्रेस होने से जीआरपी को मिली सफलता
मुरादाबाद। बरामद हुए छह मोबाइलों में से दो फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस से लूटे गए थे। जबकि अन्य चार मोबाइल भी चोरी के हैं। लूट के मोबाइलों के ट्रेस होने से जीआरपी को मदद मिली। इसके अलावा मुखबिर की सूचना भी सही निकली। एसपी जीआरपी अपर्णा गुप्ता ने बताया कि आरोपी गौरव मलखान ठाकुर के विरुद्ध दो मुकदमे मझोला थाने में और दीपक के खिलाफ एक मुकदमा कटघर थाने में दर्ज हैं। मुख्य आरोपी अमित के खिलाफ विभिन्न थानों में 19 और अभिषेक के खिलाफ नौ मुकदमे दर्ज हैं। संवाद
छिपकर ट्रेन आने का किया किया था इंतजार
मुरादाबाद। नौ अप्रैल की रात चारों आरोपी एक दीवार के पीछे पीपल के पेड़ के चबूतरे पर छिपकर बैठे थे। तलवार और तमंचों से लैस चारों आरोपी ट्रेन लूटने की योजना से ही छिपे थे। वहां उन्होंने शराब भी पी थी। यात्रियों से बातचीत में भी लुटेरों के नशे में होने की पुष्टि हुई थी। शनिवार देर रात जब 01.40 बजे (14205) फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस गोविंदनगर आउटर पर रुकी तो लुटेरे ट्रेन की स्लीपर बोगी में चढ़ गए। उन्होंने यात्रियों से मारपीट की। कुछ लोगों ने विरोध किया तो उन्हें तलवार मारकर घायल कर दिया। एक महिला से कुंडल, गले की चेन छीनी। अन्य यात्रियों से पर्स, मोबाइल, नकदी आदि छीनकर ट्रेन से कूद गए। इसके बाद लालकुआं अमृतसर एक्सप्रेस में भी इसी तरह घटना को अंजाम दिया था।
वर्जन
दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी अमित और अभिषेक की तलाश में टीमें जुटी हैं। मोबाइल लोकेशन मिलने के बाद स्थानीय इलाकों में भी दबिश दी गई है। जल्द ही दोनों आरोपी जीआरपी की गिरफ्त में होंगे। आरपीएफ और एसओजी टीम का पूरा सहयोग मिल रहा है।
- अपर्णा गुप्ता, एसपी जीआरपी