सोने के आभूषणों पर बढ़ी एक्साइज ड्यूटी के विरोध में पच्चीस दिन से चली आ रही हड़ताल अब उग्र होने लगी है। रविवार को सर्राफा व्यवसायियों ने मंडी चौक से गंज गुरहट्टी तक मशाल जुलूस निकालकर अपना विरोध जताया। गुस्साए कारोबारियों ने गुरहट्टी चौराहे को जाम भी कर दिया था। जहां जमकर नारेबाजी की गई।
मंडी चौक, बाजार गंज, हरथला, मकबरा और लाइनपार का सर्राफा बाजार पिछले पच्चीस दिनों से बंद है। व्यापारी हर रोज धरना प्रदर्शन करके बढ़ी एक्साइज ड्यूटी पर अपनी नाराजगी जता रहे हैं। सरकार के पुतले तक फूंके गए। अब व्यापारियों ने आंदोलन को उग्र करने का फैसला किया है। रविवार को सभी व्यापारियों ने मंडी चौक से मशाल जुलूस निकाला।
जुलूस में शामिल व्यापारी नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। इन लोगों का कहना था कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा आंदोलन जारी रहेगा। सरकार के खिलाफ हर रोज प्रदर्शन किए जाएंगे। गंज गुरहट्टी पर पहुंचे व्यापारियों ने चौराहे पर जाम लगा दिया। काफी देर तक चौराहे पर प्रदर्शन होता रहा। जाम लग जाने से यहां ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हो गई थी। दूर दूर तक वाहनों की कतार लग गई।
यहां नीरज अग्रवाल, श्रवण कुमार, नवीन रस्तोगी, राजीव अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, निखिल अग्रवाल, अंशुल गुप्ता अमन अग्रवाल समेत तमाम व्यापारी मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन के प्रदेश मंत्री गौरव अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की दमनकारी नीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यहां रामप्रकाश रस्तोगी, प्रदीप रस्तोगी, मूलशंकर रस्तोगी, शरद गर्ग समेत सभी व्यापारी मौजूद रहे।