ठाकुरद्वारा। नगर में कोतवाली के पास साइबर कैफे के ताले तोड़कर हजारों की चोरी का पुलिस सात दिन बाद भी खुलासा नहीं कर सकी है।
सोमवार को व्यापारियों ने चोरी का खुलासा न होने पर सीओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। पुलिस का दावा है कि वह चोरों तक पहुंच चुकी है उन्हें शीघ्र पकड़ लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सीओ ने तीन दिन के भीतर चोरी का खुलासा करने का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक आरोपी चोर पुलिस की पकड़ से बाहर है। जबकि साइबर कैफे में हुई चोरी की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को कई दिन पहले उपलब्ध करा दी गई थी।
गांव रामनगर निवासी अभिषेक के साइबर कैफे के ताले तोड़कर चोरों ने 11 जनवरी 2025 की रात को अंदर रखी 70 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली थी।
इस मामले में अभिषेक ने पुलिस में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है लेकिन पुलिस अभी तक चोरी में शामिल बदमाशों का पता नहीं लगा सकी है। अभिषेक की ओर से व्यापारियों ने सीओ को ज्ञापन भी दिया जिस पर सीओ ने उन्हें आश्वासन दिया है कि पुलिस बदमाशों तक पहुंच गई है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रदर्शन में पूर्व सभासद राजेंद्र पांडे, अभिषेक, किफायतुल्ला खां फत्तू भाई, रईस खां, अनीस अहमद,राहुल आदि शामिल रहे।