मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला ने पति पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि सात साल पहले उसका निकाह जयंतीपुर निवासी युवक के साथ हुआ था। महिला का आरोप है कि शादी के एक साल बाद ही पति और ससुराल वाले उसे दहेज के लिए तंग करने लगे थे। पांच जून को पति ने महिला के साथ फिर से मारपीट की और घर से निकाल दिया। इसके बाद महिला अपने मायके चली गई। महिला का कहना है कि उसके मायके वालों ने पति और उसके परिजनों को बातचीत करने के लिए घर बुलाया था। आरोप है कि यहां भी पति ने पचास हजार रुपये की मांग की। मायके वालों ने रुपये देने से इंकार किया तो पति ने महिला को तीन तलाक देकर रिश्ता खत्म कर दिया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने महिला थाना प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।