मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण की रफ्तार में भले ही कमी आ गई हो, लेकिन पॉजिटिव केसों का मिलना जारी है। जिले में चार साल के मासूम समेत तेरह नए संक्रमित मरीज मिले हैं। संक्रमितों में छह लोगों की उम्र तीस साल से कम हैं। वहीं जिले में एक्टिव केसों की संख्या 69 हो गई है।
अप्रैल और मई में संक्रमण की दर चरम पर पहुंच गई थी। लेकिन जून में संक्रमण के फैलाव में कमी आई है। इससे पॉजिटिव मरीजों की संख्या में गिरावट आई है। जून में नए संक्रमित मरीजों की संख्या पंद्रह से कम ही रही है। शनिवार को सरकारी और निजी लैब से आई रिपोर्ट में तेरह लोग संक्रमित पाए गए। इसमें चार साल का मासूम भी शामिल है। इसके अलावा संक्रमितों में छह युवक-युवतियां भी शामिल हैं। इनकी उम्र तीस वर्ष से कम है। संक्रमितों को कोविड अस्पतालों और होम आइसोलेशन में रखा गया है। वहीं जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 69 पहुंच गई है।