मुरादाबाद। जिला जेल में हत्या की साजिश रचने का मामला सामने आया है। पुलिस का दावा है कि जेल में तीन भाइयों ने बिजनौर की एक महिला की हत्या की सुपारी दे दी। तीनों भाई महिला के पति की हत्या में जेल में बंद है। महिला इस मामले की पैरवी कर रही है। सिविल लाइंस पुलिस ने केस दर्ज कर शूटर मनोज पहाड़ी को गिरफ्तार कर लिया।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि बिजनौर जनपद के कीरतपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर निवासी मीना के पति अखलाक की जुलाई 2015 में हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में मीना ने लाडपुर गांव निवासी तीन सगे भाई इमरान, रिजवान, फैजान और अन्य तीन के खिलाफ केस दर्ज कराया था, जिसमें महिला ने बताया कि आरोपियों ने घर में घुसकर उसके पति की हत्या की थी। बिजनौर पुलिस ने तीनों भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
आरोपियों ने जमानत के लिए कोर्ट में अर्जी लगाई, जिसेे अदालत ने खारिज कर दिया थे। इसके बाद आरोपियों को बिजनौर जेल से मुरादाबाद शिफ्ट कर दिया गया था। अभी तीनों भाई मुरादाबाद जेल में बंद हैं। इस केस में महिला मजबूत पैरवी कर रही है। आरोपियों को डर है कि कहीं मजबूत पैरवी के कारण उन्हें सजा न हो जाए। इसलिए उन्होंने महिला की हत्या कराने की योजना बनाई। आरोपियों ने अपने साथियों के जरिये सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के चक्कर मिलक निवासी मनोज पहाड़ी को जेल में मिलने के लिए बुलाया।
आरोपियों ने महिला की हत्या के लिए उसे पचास हजार रुपये की सुपारी तय कर दी थी। इसकी भनक पुलिस को लगी तो आरोपी के मोबाइल की कॉल रिकार्ड की गई। मामले की जांच करने पर पता चला कि आरोपी बार बार जेल में मुलाकात करने जाता है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपी मनोज पहाड़ी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद को कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।