कुंदरकी। बिजली बिल राहत योजना के तहत छूट का लाभ विद्युत चोरी के प्रकरण में शामिल लोगों को भी दिया जा रहा है। कुंदरकी सब डिवीजन में आने वाले कुंदरकी, मैनाठेर, भैसोड़, जैतवाड़ा, जलालपुर और ग्वारऊ बिजलीघरों से जुड़े अब तक विद्युत चोरी के 229 प्रकरण पंजीकृत हैं, लेकिन विद्युत चोरी के आरोपी छूट में भी अपने प्रकरणों को नहीं निपटा रहे हैं। अब इन मामलों को विद्युत विभाग गंभीरता से ले रहा है। शनिवार को कुंदरकी एसडीओ दया शंकर ने विद्युत कर्मियों के साथ नगरीय और ग्रामीण इलाके में विद्युत चोरी के आरोपियों के घरों पर दस्तक दी और उनसे छूट का लाभ उठाकर चोरी के प्रकरण निपटाने को कहा। अनदेखी करने पर एसडीओ ने अपनी मौजूदगी उनके घरों की बिजली कटवा दी। कार्रवाई से लोगों में खलबली मच गईं, जिनमें से कुछ लोग अपने मामले सुलझाने में सक्रिय नजर आए।
विद्युत चोरी के प्रकरणों में बिजली बिल राहत योजना के दूसरे चरण में 45 प्रतिशत छूट का लाभ दिया जा रहा है। कुंदरकी सब डिवीजन के सभी छह बिजलीघरों से जुड़े 229 बिजली चोरी के मामले हैं जिनमें करीब सौ लोगों ने छूट का लाभ ले लेकर अपना प्रकरण निपटा दिया है। जो लोग रह गए हैं, उनको भी हिदायत दी जा रही है। जो लोग अनदेखी कर रहे हैं उनके खिलाफ कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है।- दया शंकर, एसडीओ कुंदरकी