कांठ। नगर में रेल क्राॅसिंग के बार-बार बंद होने से रविवार को थाना चौराहे पर भीषण जाम लग गया। पुलिस ने जैसे-तैसे बमुश्किल जाम में फंसे वाहनों को निकलवाकर हाईवे पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराई।
कांठ नगर में अमरोहा मार्ग पर थाने के सामने वाली रेल क्राॅसिंग संख्या 433-बी काफी देर तक बंद रहता है। कई-कई ट्रेनों के गुजरने के बाद क्रॉसिंग को सड़क यातायात के लिए खोला जाता है। जिससे रेल क्राॅसिंग और इसके सामने होकर गुजर रहे मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। रविवार को भी यही स्थिति रही। क्राॅसिंग कई ट्रेनों के गुजरने की वजह से काफी समय तक बंद रही। जिसके कारण थाने के सामने चौराहे पर वाहन भीषण जाम में फंस गए। जल्दबाजी के चक्कर में वाहन एक-दूसरे से टकरा भी गए। जिससे दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं पुलिस ने जैसे-तैसे चौराहे पर जाम में फंसे वाहनों को निकालवाया और हाईवे पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कराया। क्षेत्रवासियों ने इस रेल क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनवाने की मांग की है।
जनप्रतिनिधि कई बार सदन में उठा चुके हैं मुद्दा
कांठ। नगर में रेल क्रॉसिंग 432-बी और 433-बी पर प्रतिदिन लगने वाले जाम का मुद्दा जनप्रतिनिधियों द्वारा अनेकों बार सदन में उठाया जा चुका है। लेकिन इसके बाद भी यहां ओवरब्रिज की मांग आज तक पूरी नहीं हुई। अभी पिछले महीने लगे शीतकालीन सत्र के दौरान भी क्षेत्रीय विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर ने क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज का मुद्दा विधानसभा में उठाया था। इससे पहले मुरादाबाद की सपा सांसद रूचि वीरा, कांठ के पूर्व विधायक राजेश कुमार सिंह चुन्नू ने भी सदन में ओवरब्रिज की मांग उठाई थी। संवाद