तहसील क्षेत्र में चोर बिजली के चार खंभों से 1280 मीटर तार चोरी करके ले गए। अवर अभियंता की तहरीर पर कांठ पुलिस ने चार दिन के बाद रिपोर्ट दर्ज की है। तार चोरी होने से कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है।
अमरोहा क्षेत्र के कोठी खिदमतपुर बिजली उपकेंद्र से चक छावी फीडर को आ रही हाई वोल्टेज बिजली लाइन के कांठ के गांव काजीखेड़ा, मनकुआ और चक छावी के जंगल में स्थित चार खंभों का करीब 1280 मीटर तार चार अप्रैल की रात चोरी हो गया था। इसके कारण कांठ और अमरोहा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव चक छावी, सुंदरपुर चाऊपुरा, सिकंदरपुर, बुडेरना पट्टी, लालू नंगला, मनव्वरपुर, काजीखेड़ा, नौरान, गजाना, साहिदपुर, पैगंबरपुर, बागड़पुर कलां, बीबढ़ा खुर्द, मनकुआ आदि गांव की बिजली आपूर्ति पांच दिन से ठप है। बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से किसान अपने खेतों की सिंचाई तक नहीं कर पा रहे हैं। कोठी खिदमतपुर बिजली उपकेंद्र के अवर अभियंता मुनेंद्र कश्यप का कहना है कि जब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं होगी, तब तक नया तार नहीं डल पाएगा।
शुक्रवार को अवर अभियंता कांठ थाने पहुंचे और कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी। जिसके आधार पर कांठ पुलिस ने तार चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शाम तक भी इन सभी गांवों में अंधेरा छाया हुआ था।