मुरादाबाद। मानपुर मुख्य बाजार होने के बावजूद यहां पीने की पानी को कोई व्यवस्था नहीं है। न तो वाटर कूलर लगा है न ही प्याऊ। दुकानदारों और ग्राहकों के लिए मंदिर का नल ही एक मात्र सहारा है। बाजार में लगा नल तीन महीने से खराब है। इसे अभी तक ठीक नहीं कराया गया।
मानपुर बाजार में लाइट का सामान, बर्तन समेत अन्य सामान खरीदने हजारों की संख्या में प्रतिदिन लोग आते हैं। यहां पर 150 से अधिक दुकानें हैं। इन दुकानों पर हजारों की संख्या में कर्मचारी काम करते हैं। इन दुकानदारों, कर्मचारियों और ग्राहकों के लिए बाजार में पीने के पानी व शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं हैं। दुकानदारों का कहना है कि बाजार में एक मंदिर है।
यहां पर मंदिर समिति की ओर से नल की व्यवस्था की गई है। इस नल से बाजार के सभी लोग पानी भरते हैं। नगर-निगम व जनप्रतिनिधि की ओर से अलग से कोई पानी की व्यवस्था नहीं की गई है। गर्मी बढ़ने लगी है। लोगों को पानी की काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वर्जन
बाजार में पीने के पानी की सबसे अधिक समस्या है। पानी घर से लाना पड़ता है। बाजार में प्याऊ और वाटर कूलर की व्यवस्था नहीं है। जबकि बाजार में हजारों की संख्या में प्रतिदिन ग्राहक आते हैं।
-अमित गुप्ता, दुकानदार
गर्मी बढ़ गई है। घर से पानी खरीदकर लाते हैं। बाजार में पीने की पानी की कोई व्यवस्था नहीं हैं। दुकान पर पीने के पानी के लिए कैंट लगाया गया है।
-तुषार रस्तोगी, दुकानदार
बाजार में जनप्रतिनिधि आते हैं। समस्याएं उन्हें बताई जाती हैं लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है। बाजार में शौचालय के साथ वाटर कूलर व प्याऊ नहीं है।
-पीके जैन, दुकानदार
मानपुर काफी पुराना मार्केट हैं। पानी पीने के लिए मंदिर पर जाना पड़ता है। इसके साथ शौचालय के लिए बाजार से दूर जाना पड़ता है। वह शौचालय भी खराब है।
-निहाल राजपूत, दुकानदार
बाजार में एक नल है वह भी खराब पड़ा है। बाजार के लोग मंदिर के नल के सहारे हैं। मंदिर का नल जब भी खराब होता है तब लोगों की परेशानी अधिक बढ़ जाती है।
-अमर सिंह, दुकानदार
बाजार के बाहर एक शौचालय है। वह भी खराब पड़ा हुआ है। इसके बावजूद वहां पर शुल्क लिया जाता है। बाजार में पानी खरीदकर पीना पड़ता है।
-जुबैर, दुकानदार
पानी की किल्लत पूरे बाजार को है। अधिकतर लोग पानी खरीदकर पीते हैं। कुछ लोग पानी घर से लाते हैं। पानी जब खत्म हो जाता है तो खरीदना पड़ता है।
-चमन पाल, दुकानदार
बाजार में पीने के पानी की काफी समस्या है। प्याऊ और वाटर कूलर की व्यवस्था नहीं है। गर्मी शुरू हो गई है। लेकिन अभी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
-हरिओम सैनी, दुकानदार
मंदिर में लगे नल को बाजार के लोग ठीक कराते हैं। मंदिर में वाटर कूलर भी है। उसे बाजार के लोग चंदा लगाकर बनवाएंगे। किसी जनप्रतिनिधि या नगर निगम की ओर से पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है।
-संजय जैन, दुकानदार