मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र के एकता कॉलोनी में बुधवार रात चोरों ने एक मकान के ताले तोड़ कर अलमारी में रखे तीन लाख 95 हजार रुपये की नकदी और सोने- चांदी के जेवर समेत करीब छह लाख चोरी कर लिए। घटना के समय परिवार बाहर गया हुआ था। गुरुवार दोपहर घर लौटे, तो घटना की जानकारी हो पाई। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी है।
थानाक्षेत्र के एकता कॉलोनी निवासी जुगेंद्र कुमार दिल्ली रोड पर स्थित निर्यात फर्म में सुपरवाइजर हैं। वह मूलरूप से संभल निवासी हैं। उन्होंने आठ माह पहले ही एकता कॉलोनी में मकान बनवाया था। वह यहां पत्नी मधुबाला के साथ रहते हैं। बुधवार को वह पत्नी के साथ अपनी बहन के घर अमरोहा के रहरा गांव गए थे। बुधवार रात चोरों ने गेट पर लगे ताले तोड़ दिए और अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने अलमारी में रखे तीन लाख 95 हजार रुपये और सोने व चांदी के जेवर छह लाख रुपये का सामान चोरी कर लिए। बृहस्पतिवार की दोपहर बाद वह घर लौटे, तो उन्होंने गेट के ताले टूटे देखे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। पुलिस ने आसपड़ोस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की है। मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।