मंडी धनौरा। कोलकाता की रेजिडेंट डॉक्टर से दुष्कर्म व हत्या के दोषियों को फांसी की सजा की मांग की गई है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद व हाॅस्पिटल वेलफेयर एसोसिएशन ने शनिवार की रात अलग-अलग कैंडल मार्च निकाल कर रेजिडेंट डॉक्टर को अपनी श्रद्धांजलि दी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का कैंडल मार्च शनिवार की रात रामलीला मैदान से शुरू हुआ। अभाविप कार्यकर्ता अपने हाथों में मोमबत्ती लिए चल रहे थे। कार्यकर्ता हाथों में रेजिडेंट डॉक्टर को अपनी श्रद्धांजलि देने का बैनर लिए हुए थे। साथ ही फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए मुकदमा चला कर दोषियों को फांसी की सजा की मांग कर रहे थे। विभाग संयोजक विकास शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून का राज नहीं रह गया है। ऐसी घटना मानवता व सभ्यता पर कलंक है। उन्होंने ममता सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। इस मौके पर आदित्य गिल, मनीष शर्मा, आदित्य शर्मा, वंश धारीवाल, आर्यन, अभिषेक आदि मौजूद थे।
हाॅस्पिटल वेलफेयर एसोसिएशन ने भी शनिवार की रात कैंडल मार्च निकाला। शेरपुर चुंगी से शुरू हुआ कैंडल मार्च मुख्य बाजार से होते हुए रामलीला मैदान पहुचा। मार्च में शामिल चिकित्सक डॉक्टर के दोषियों को फांसी की सजा की मांग कर रहे थे। दो मिनट का मौन रखकर मृतक डॉक्टर को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर डॉ. नवाब अली सैफी, डॉ. आई खान, नेपाल सिंह, डॉ. अंसार अहमद, प्रशांत अंबेडकर आदि मौजूद थे।