विधायक के आवास पर युवकों की पिटाई के बाद पुलिस ने परिजनों को बंधक बनाया : थान सिंह
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। डिलारी क्षेत्र में भाजपा विधायक के आवास पर युवकों की पिटाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (माकपा) ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन पर सत्तापक्ष के दबाव में काम करने का गंभीर आरोप लगाया है। माकपा के जिला सचिव थान सिंह का कहना है कि पुलिस ने शनिवार को उनके 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को पीड़ित परिवारों से मिलने से रोक दिया। उनका आरोप है कि पुलिस ने भाजपा विधायक के दबाव में पीड़ितों के परिवारों को बंधक बना लिया है।
माकपा के जिला सचिव थान सिंह के नेतृत्व में शनिवार को पार्टी का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पुलिस को चकमा देकर डिलारी गया था। प्रतिनिधिमंडल में विक्रम सिंह एडवोकेट, जाबिर हुसैन, उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन के जिला अध्यक्ष शाकिर अली, ठाकुरद्वारा ब्रांच के सचिव वीर सिंह शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित पक्ष से मुलाकात करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने परिवार के लोगों से मुलाकात नहीं करने दिया। प्रतिनिधिमंडल ने अपने स्थानीय सदस्यों के सहयोग से पीड़ित परिवार के अन्य लोगों से संपर्क किया। माकपा के जिला सचिव थान सिंह का आरोप है कि पीड़ित परिवार के लोगों को पुलिस ने बंधक बना कर रखा है। पूछताछ में यह बात सामने आई। पीड़ित रामू की बहन पर लाखों रुपये देने और इलाज कराने की शर्त पर अपना मुंह बंद रखने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उसे तरह-तरह की धमकी दी जा रही है। यहां तक कि स्थानीय पुलिस प्रशासन भी विधायक और उसके कर्मचारियों को बचाने की हर संभव कोशिश कर रहा है। घटना के सप्ताहभर बाद भी इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पीड़ित परिवार के साथ अपनी सहानुभूति प्रकट करते हुए उनके साथ दुख की इस घड़ी में खड़े रहने का आश्वासन दिया है। पीड़ितों को न्याय मिलने तक आंदोलन चलाए जाने का निर्णय लिया है। इस मामले में पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर पीड़ित पक्ष की मदद करने का अनुरोध किया है।
यह है मामला
डिलारी शांति कुंज निवासी ओमवती ने ठाकुरद्वारा थाने में नौ अक्तूबर को दी तहरीर में बताया था कि सात अक्तूबर को उसके बेटे रामू कश्यप को विधायक सुशांत सिंह के सहायक अर्जुन कुमार अपने साथ ले गया था। इसके बाद विधायक के रतूपुरा स्थित आवास में रामू और उसके मोहल्ले के ही अतुल और लवीश के साथ मारपीट की गई थी। दिल्ली के अस्पताल में रामू का उपचार चल रहा है।