मुरादाबाद। डिलारी थानाक्षेत्र में शुक्रवार देर रात रामपुर के टांडा निवासी एक परिवार की कार खराब हो गई। अंधेरे में खड़े इस परिवार को मदद की कोई उम्मीद दिखाई नहीं दी तो यूपी 112 पर कॉल कर दी। पीआरवी पर तैनात पुलिस कर्मी मैकेनिक ढूंढ कर उसे अपने साथ मौके पर ले गए और खराब कार ठीक कराकर परिवार को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
डिलारी थानाक्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 12.30 बजे पीआरवी-266 पर तैनात सिपाही बबलू कुमार, राहुल कुमार और चालक होमगार्ड सुधीश को राजपाल सिंह नाम के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि वह अपने परिवार के साथ घर लौट रहा था। डिलारी क्षेत्र में चौराहा के पास रास्ते में कार खराब हो गई है। रात होने के कारण कोई मैकेनिक भी नहीं मिल रहा है। सूचना मिलने के मात्र तीन मिनट में मौके पर पहुंच कर पुलिस कर्मियों ने कार को पहले सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया। इसके बाद पुलिस कर्मी मैकेनिक को ढूंढ कर लाए और कार ठीक कराने के बाद पीआरवी-266 के कर्मचारियों को मझोली गांव थाना डिलारी में उसके रिश्तेदार के घर सकुशल पहुंचाया। कार सवार परिवार और उनके रिश्तेदारों ने पुलिस कर्मियों की प्रशंसा की। पुलिस टीम को उच्च अफसरों की ओर से सम्मानित किया जाएगा।