मुरादाबाद। शनिवार देर रात में नकाबपोश पांच बदमाशों ने रायब नगला गांव में दो सगे भाइयों के घरों को निशाना बनाया। पुलिस वाले बताकर घर में घुसे बदमाशों ने पीड़ित परिजनों को कब्जे में लेकर सोने चांदी की ज्वेलरी, नकदी, दो मोबाइल और एक भैंस लूटकर ले गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है।
जानकारी के मुताबिक कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम रायब नगला निवासी किसान सरवन कुमार और उसके भाई ओमहरि के घरों में सशस्त्र पांच बदमाश रास्ते से सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़ गए और जीने के सहारे नीचे उतर गए। बताते हैं किसान सरवन सिंह बाहरी कमरे में सो रहे थे जबकि उनकी पत्नी कमलेश अपने धेवते दक्ष के साथ बरामदे में और दो बेटे अशोक और प्रिंस एक अलग कमरे में सो रहे थे।
जब बदमाशों की आहट हुई तो कमलेेश की आंख खुल गई थी। उन्होंने बदमाशों को टोका तभी बदमाशों ने खुद को पुलिस वाले होना बताकर गुमराह किया। बाद में सभी परिजनों को गन प्वाइंट पर ले लिया। इसके बाद कमलेश से पहने हुए ज्वेलरी उतरवा ली जबकि उनके विरोध करने पर एक बदमाश ने कमलेश के मुंह पर तमंचे की बट मारी दी जिसके वह बेबस हो गई।
पीड़िता कमलेश ने बताया कि बदमाशों ने उसके पति सरवन कुमार और बेटे अशोक के रुमाल और मफलर से हाथ बांध दिए थे और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर डराते रहे। इसके बाद बदमाशों ने उसके घर में 25 हजार की नकदी, एक जोड़ी सोने के कुंडल, चांदी की हसली, खंडूआ, तीन जोड़ी पाजेब , एक मोबाइल, कपड़े और बर्तन आदि लूट लिए।
इसके अलावा बराबर में रहने वाले किसान सरवन कुमार के भाई फैैक्टरी कर्मी ओमहरि के घर में घुस गए। यहां पर सो रहे ओमहरि के अलावा उनकी पत्नी अमरवती और बेटी कागज को कब्जे में लिया। यहां पर डरा धमकाकर बदमाशों ने 38 हजार की नकदी, सोने चांदी की ज्वलेरी, एक मोबाइल, कपड़े, पीतल के बर्तन समेट लिए। विरोध करने पर यहां पर ओमहरि की पत्नी और बेटी के साथ भी मारपीट की गई। बाद में दोनों भाइयों के परिजनों को सरवन कुमार के घर में ही बंधक बना कर रखा। इसके बाद में एक बदमाश ओमहरि की भैंस ले कर पहले निकल गया और बाद में अन्य बदमाश माल लेकर जंगल की और चल गए।
डेढ़ घंटे तक बदमाशों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बाद में पीड़ित परिवारों ने शोर मचाया तब जाकर गांव के एक ग्रामीण ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर किया लेकिन तब बदमाश फरार हो चुके थे। इसके बाद ग्रामीणों में खलबली मच गई। सूचना मिलने पर रात में पुलिस पहुुंची और बदमाशों की तलाश में कांबिंग की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
एसपी देहात विद्या सागर मिश्र और सीओ देश दीपक सिंह ने ग्राम रायब नगला में पहुंच कर घटना की जानकारी ली है। एसपी देहात ने घटना के खुलासे के निर्देश दिए हैं। थानाध्यक्ष सतराज सिंह ने बताया कि पांच बदमाशों पर आईपीसी की धारा 395 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया और विवेचना कर कानूू्नी कार्रवाई की जा रही।
18 फीट ऊंची सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़े थे बदमाश
कुंदरकी। थाना क्षेत्र के ग्राम रायब नगला में किसान सरवन कुमार और उनके भाई ओमहिर के घरों में घुसने के लिए बदमाशों ने 18 फीट ऊंची सीढ़ी का इस्तेमाल किया था। सीढ़ी दोनों भाइयों के घरों से दो मीटर दूर जंगल में पड़ी मिली है।
पीड़ित परिजनों का मानना है कि बदमाश सीढ़ी लगाकर ही मकान की छत पर चढ़े हैं और वह जीने के सहारे नीचे उतर आए होेंगे। छत पर चढ़ने के लिए बदमाशों द्वारा सीढ़ी को अपने साथ आने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके बाद सोते हुए दो भाइयों के परिजनों को कब्जे में लेकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।
भैंस और माल वाहन लादकर ले जाने की आशंका
कुंदरकी। रायब नगला गांव में दो भाइयों के घरों में नकदी समेत लाखों रुपये का माल समेट लिया। यहां पर किसान सरवन कुमार के घर का कूकर तक नहीं छोड़ा। बदमाशों ने ज्वेलरी के अलावा कीमती बर्तन और कपड़े तक लूट लिए। परिजनों का मानना है कि बदमाश किसी वाहन में सवार होकर आए थे जिसे कहीं रास्ते में खड़ा किया होगा और उसी पर सारा सामान लादा होगा। गांव को आने वाले एक कच्चे रास्ते में वाहन के पहियों के निशान भी दिखाई देना बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार यह भी बता रहा कि भैंस ज्यादा दूर तक पैदल नहीं चल सकती थी। ग्रामीण के साथ स्थानीय पुलिस ने भी जंगल में जाकर छानबीन की है।
पीड़ित किसान की बेटी है पुलिस कांस्टेबिल
कुंदरकी। थाना क्षेत्र के ग्राम रायब नगला निवासी किसान सरवन कुमार की बड़ी बेटी पुष्पा पुलिस कांस्टेबिल है जोकि इस समय अमरोहा की कोतवाली में तैनात है। कांस्टेबिल पुष्पा को जब अपने पिता और चाचा के घर लूटपाट की घटना की जानकारी हुई तो वह तत्काल ग्राम रायब नगला आ गई। साथ ही किसान सरवन कुमार का बड़ा बेटा एलएलबी तृतीय वर्ष का छात्र है। उधर ओमहरि मुरादाबाद की एक फैक्टरी में काम करते हैं जबकि उनके दोनों बेटे विपिन और मोनू फर्नीचर पर पॉलिश का काम करते हैं।
माल बंटवारे को लेकर आपस में लड़े बदमाश, टार्च तोड़ी
कुंदरकी। किसान सरवन सिंह ने बताया कि बदमाशों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच रही होगी। एक बदमाश की किसान की पत्नी कमलेश ने नकाब हटाने का प्रयास किया तो उसने असलहा दिखाकर धमकी दे डाली जिसके बाद पूरा परिवार सहम गया। वहीं किसान के घर में बदमाशों में बड़ी टार्च टूटी मिली है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि लूटपाट के बाद बदमाशों में बंटवारे को लेकर कहासुनी हुई थी जिसके बाद एक बदमाश ने टॉर्च भी जमीन पर मारकर तोड़ दी।
एसओजी समेत पुलिस की तीन टीमें लगी
कुंदरकी। थाना क्षेत्र के गांव रायब नगला में दो भाइयों के घर में हुई लूटपाट की वारदात से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एसपी देेहात विद्या सागर मिश्र ने शीघ्र ही खुलासे के निर्देश दिए हैं। वहीं खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस और पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस की टीमों ने कार्रवाई शुरू कर दी है।