असमोली/संभल। प्रेमी के निकाह से इनकार करने पर खफा युवती थाने पुलिस पहुंच गई और प्रेमी से निकाह करने की जिद करते हुए पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने युवती के परिजनों को थाने बुला लिया। जब युवती नहीं मानी तो पुलिस युवक को पकड़कर थाने ले आई। इसके बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच पंचायत चली। दोनों पक्षों की सहमति के बाद युवक-युवती का निकाह करा दिया गया।
असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का पड़ोसी गांव निवासी युवक से तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों परिजनों से छिपकर अक्सर मिलते रहते थे। प्रेमिका प्रेमी पर निकाह का दबाव बना रही थी, लेकिन प्रेमी लगातार टाल रहा था। बुधवार की सुबह प्रेमिका थाने पहुंच गई और प्रेमी से निकाह करने की जिद करते हुए पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने युवती के परिजनों को बुलाया और समझाने की बात कही। लेकिन युवती निकाह करने की जिद पर अड़ी रही। पुलिस उसके प्रेमी को पकड़कर थाने ले गई। उधर, गांव में दोनों पक्षों के बीच पंचायत चली। देर शाम तक चली पंचायत में दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद निकाह का फैसला हुआ। बुधवार को ही प्रेमी युगल का निकाह करा दिया गया।