शादी का झांसा देकर एक युवती ने युवक को प्रेमजाल में फंसाकर पांच लाख रुपये ले लिए। अब आरोपी युवती 15 लाख रुपये नहीं देने पर युवक को दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी दे रही है। इसमें युवती की बहन और उसके जीजा ने भी उसकी मदद की। विवाद के चलते युवक की शादी भी टूट चुकी है।
अदालत के आदेश पर कटघर पुलिस ने आरोपी युवती, उसकी बहन और जीजा सहित चार के खिलाफ केस दर्ज किया है। मोहल्ला पीरजादा निवासी इफ्तिखार ने अदालत में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि छह साल पहले उसकी मुलाकात थाना गलशहीद क्षेत्र के असालतपुरा निवासी अलशिफा उजैर से हुई थी।
युवती के साथ मिलकर उसने इंग्लिश स्पीकिंग का कोर्स किया था। धीरे-धीरे दोनों की नजदीकियां बढ़ गईं। इसके बाद इफ्तिखार ने अपनी मां और बहन के माध्यम से युवती शादी करने का प्रस्ताव रखा। इस दौरान युवती के जीजा मो. शमीम और बहन रानी ने इफ्तेखार के परिजनों से अभद्रता की।
साथ ही कुरैशी बिरादरी में शादी करने से इनकार कर दिया। युवती ने कहा कि वह अपने परिवार को शादी के लिए मना लेगी। इस बीच युवक ने युवती को एक मोबाइल दिलाया। प्यार में फंसकर युवक ने युवती को ऑनलाइन लगभग पांच लाख रुपये दे दिए। इसके बावजूद निकाह की तिथि तय नहीं हुई।
इसके बाद युवक ने युवती के साथ उसके जीजा और बहन को हर्बल पार्क बुलाया। बातचीत के दौरान युवती ने शादी करने के लिए 15 लाख रुपये की मांग रखी। चेताया कि यदि पैसे नहीं मिले तो वह दुष्कर्म के झूठे केस में फंसा देगी। युवक ने युवती से पांच लाख रुपये लौटाने को कहा तो युवती ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर उससे मारपीट की।
युवती ने फोन कर पुलिस को बुला ली। पुलिस के समक्ष उसने डर के चलते पैसों का इंतजाम करने का वादा कर लिया। युवक की शादी दूसरी जगह तय हुई तो आरोपी युवती और उसके जीजा ने दूसरी लड़की के घर पहुंचकर शादी तोड़वा दी।
इसके बाद उसने युवती के खिलाफ गलशहीद थाने में शिकायत की। एसएसपी से भी न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अंत में उसने कोर्ट की शरण ली। इस मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर युवती के साथ उसके बहन और जीजा के खिलाफ केस दर्ज किया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।