23 मार्च यानी सोमवार की रात से जिले में टोटल लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने इस बाबत सभी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि वह पूरी शक्ति के साथ टोटल लॉकडाउन का पालन कराएं। डीएम ने जिले की सीमाएं सील करने के आदेश देने के साथ ही अब अन्य प्रदेश से आने वाले लोगों की निगरानी के भी निर्देश दिए हैं। पुलिस, फायर ब्रिगेड और राजकीय अस्पताल के कर्मचारियों को छोड़कर बाकी सभी लोगों के वाहनों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
डीएम ने संभावित आपातकाल से निपटने के लिए जिले के सभी निजी अस्पतालों और उनके कर्मचारियों के अधिग्रहण का फैसला किया है। केंद्रीय पुलिस हॉस्पिटल का अधिग्रहण कर लिया गया है। इसके साथ ही टीएमयू में 200 बेड का कोरोना आईसीयू सेंटर स्थापित किया जा रहा है। साथ ही सभी स्कूल कालेज, सरकारी दफ्तर, फैक्टरी, तमाम निजी प्रतिष्ठान आदि बंद करने का फैसला लिया गया है।
सोमवार को डीएम की ओर से जारी महत्वपूर्ण आदेश
1- सोमवार रात 10 बजे से जिले में टोटल लॉक डाउन शुरू। जिले की सीमाएं पूरी तरह सील। अब ना कोई जिले से बाहर जा सकेगा और ना ही अन्य जनपद से जिले में आएगा।
2- जनपद छोड़ने या जनपद में प्रवेश करने के लिए विशेष परिस्थितियों में जिलाधिकारी से अनुमति लेनी होगी। इमरजेंसी में जिन लोगों को जिले में प्रवेश दिया जाएगा उनकी बॉर्डर पर ही मेडिकल जांच की जाएगी।
3- अभी तक सिर्फ विदेश से आने वाले लोगों की निगरानी के निर्देश थे, लेकिन अब अन्य प्रदेश से आने वाले लोग भी सतत मेडिकल निगरानी में रखे जाएंगे।
4- पुलिस और फायर व्यवस्था में लगे राजकीय वाहनों और राजकीय अस्पताल के वाहनों और उनके चिकित्सकों व कर्मचारियों के वाहनों के अतिरिक्त किसी भी व्यक्ति को निजी वाहन लेकर सड़क पर निकलने की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई इमरजेंसी होगी तो लोगों को जिलाधिकारी से वाहन पास लेना होगा इसके लिए एडीएम सिटी को नामित किया गया है।
5- घर-घर जाकर दूध बेचने वाले दूध विकेता और अखबारों के हॉकर सुबह 6:30 बजे से 9:30 बजे तक दूध और अखबार वितरित कर सकेंगे।
6- एमडीए की सचिव प्रेरणा शर्मा को जिले के सभी निजी अस्पतालों और उन में उपलब्ध सुविधाओं व इन अस्पतालों में तैनात कर्मचारियों का डाटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया की जरूरत के मुताबिक इन अस्पतालों का अधिग्रहण किया जाएगा।
7- टीएमयू में 200 बेड का कोरोना आईसीयू केंद्र स्थापित करने के लिए सीडीओ मृदुल चौधरी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
8- केंद्रीय पुलिस अस्पताल का अधिग्रहण कर लिया गया है। यहां 96 बेड का कोरोना आइसोलेशन सेंटर तैयार है।
9- मंगलवार से किराना की दुकानें दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक ही खुलेंगी। फल दूध और सब्जी की दुकानें व पेट्रोल पंप रुटीन की तरह खुले रहेंगे।
10- शहर और गांव में व्यापक स्तर पर सघन सफाई अभियान चलाया जाएगा।
11- पिछले 2 सप्ताह के भीतर अन्य प्रदेश से आने वाले लोगों को चिन्हित कर उन्हें मेडिकल निगरानी में रखा जाएगा। इसके लिए ग्राम प्रधान, आंगनवाडी कार्यकत्री और आशाओं को भी जिम्मेदारी दी गई है।
12- लॉक डाउन के दौरान घरों में फल सब्जी और दूध पहुंचाने के लिए ठेलो और छोटे वाहनों का इस्तेमाल किया जाएगा ।
13- आवश्यक सेवा में लगे कर्मचारियों के आवागमन में कोई असुविधा नहीं आने दी जाएगी।
14- कॉलोनियों के पार्को में लोगों के टहलने पर प्रतिबंध रहेगा।
15- राशन की दुकानों से राशन वितरण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं।
16- सीनियर सिटीजन को घर पर ही मेडिकल सुविधा उपलब्ध होगी।
17- लॉक डाउन के नियम व शर्तें और सेवाओं के संबंध में कॉलोनियों में लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट किया जाएगा। 24 घंटे कंट्रोल रूम काम करेगा।