मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र के बरवाला खास गांव के राशन डीलर और प्रधान पति की बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके अलावा प्रधान पति और भाजपा नेता का भी एक ऑडियो वायरल हुआ है। भाजपा नेता और राशन डीलर ने प्रधान पति के खिलाफ एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया है, जबकि प्रधान पति ने भाजपा नेता और राशन डीलर के खिलाफ शिकायत की है।
भाजपा नेता दिनेश ठाकुर ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंच कर शिकायती पत्र दिया। जिसमें उन्होंने मूंढ़ापांड़े के बरवाला खास निवासी प्रधान पति नफीस पर गांव के राशन डीलर विपिन कुमार से अवैध वसूली करने का आरोप लगाया। भाजपा नेता का कहना है कि उन्होंने प्रधान पति को समझाने के लिए कॉल की थी। इसके बाद प्रधान पति ने उन्हें कॉल की और खुद ही बोलने लगा कि मैंने दो लाख 25 हजार रुपये का चेक काट लिया है। मुझे खाता नंबर बता दीजिए। जिसमें इस चेक को जमा कर दूंगा।
इसके बाद प्रधान पति ने ऑडियो वायरल कर दी। राशन डीलर ने भी प्रधान पति नफीस के खिलाफ तहरीर दी है। प्रधान पति नफीस ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसने अपनी मौजूदगी में राशन बंटवाना शुरू कर दिया था। जिससे राशन डीलर को परेशान होने लगी। आरोप लगाया है कि भाजपा नेता ने उन्हें कॉल की और गाली गलौच की। उससे रुपयों की मांग की गई थी। जबकि वायरल ऑडियो में भाजपा नेता की ओर से रुपयों की मांग नहीं की जा रही है।
नफीस ने भी रिपोर्ट दर्ज कराने को एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया है। एसएसपी पवन कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी हैं। जिस पर केस दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।