मुरादाबाद। आचार संहिता उल्लंघन के मामले में सोमवार को ठाकुरद्वारा के सपा विधायक नवाब जान अदालत में पेश हुए। गवाह के न आने के कारण केस में सुनवाई नहीं हो पाई। अब इस मामले में ग्यारह अगस्त को सुनवाई होगी।
ठाकुरद्वारा में विजय जुलूस निकालने पर सपा विधायक नवाब जान के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन के आरोप का केस दर्ज किया गया था। इस मुकदमे की सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में चल रही है। जिसमे सोमवार को गवाह न आने की वजह से सुनवाई नही हो सकी।
विशेष लोक अभियोजक मोहनलाल विश्नोई ने बताया कि मुकदमे में चार गवाहों ने अदालत में आकर अपने बयान पूर्व की तिथियों में दर्ज करा दिए थे। जिसके बाद कोरोना महामारी के कारण सुनवाई नहीं हो पा रही थी। सोमवार को उक्त मुकदमे की सुनवाई अदालत में की गई। जिसमें विधायक नवाब जान अदालत में उपस्थित रहे। गवाह न आने के कारण सुनवाई नहीं हो पाई। अब गवाह को आगामी 11 अगस्त को तलब किया गया है।