लापता बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी की नगर में ढोल बजवाकर मुनादी कराई है। साथ ही धारा 82 के अंतर्गत जगह-जगह नोटिस चस्पा किए हैं। लेकिन 23 वें दिन शनिवार को भी छात्रा का कोई पता नहीं लग सका। हालांकि छात्रा की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं।
यह मामला कांठ नगर के एक मोहल्ले का है। यहां की रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा एक अप्रैल की शाम कुछ कागजों की फोटो स्टेट कराने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वह वापस नहीं आई तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने उसकी तलाश की, तो पता चला कि मोहल्ले का ही रहने वाला फैजान उसे अगवा कर ले गया है। पुलिस ने छात्रा के पिता की शिकायत पर फैजान, शहजाद व शाहनवाज के खिलाफ अपहरण की धारा में रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके बाद से पुलिस छात्रा की तलाश में जुटी हुई है। शहजाद और उसके बहनोई को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन फैजान व शाहनवाज परिजनों के साथ फरार है।
इस मामले में शनिवार को कोर्ट ने आरोपियों की संपत्ति की कुर्की करने के लिए उद्घोष के आदेश दिए। शाम को कांठ पुलिस ने धारा 82 के अंतर्गत नगर में ढोल बजवाकर मुनादी कराई। इसके अलावा नगर में तमाम स्थानों पर नोटिस भी चस्पा किए हैं। एनाउंसमेंट कर आरोपी और उसके परिजनों की मदद करने वालों को भी चेतावनी दी गई है। इस मौके पर थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेशपाल सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी यशपाल सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार, एसआई सुभाषचंद्र, विनोद कुमार फोर्स के साथ मौजूद रहे।