मुरादाबाद। मझोला के लाइनपार सूर्य नगर में मंगलवार की रात फर्म कर्मी सुरेश सैनी (45) की हत्या करने के बाद हत्यारोपी बाइक से दिल्ली की ओर भागे थे। पुलिस की एक टीम दिल्ली पहुंच गई और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मझोला थानाक्षेत्र के सूर्य नगर मानपुर नारायणपुर निवासी सुरेश सैनी फर्म में काम करता था। मंगलवार की शाम करीब सात बजे वह बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा था। मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे सुरेश का शव शराब की दुकान के पास मिला था। उसके सिर ईंटों से कुचला था। आसपास की दुकानों में लगे कैमरों की फुटेज की मदद से सुरेश के हत्यारोपियों की पहचान मझोला के सूर्य नगर निवासी अभय, मझोला के चाऊ की बस्ती निवासी तुषार और कटघर के पीतल बस्ती निवासी विवेक शर्मा के रूप में हुई। पुलिस टीमें तीनों की तलाश में जुटी हैं।
पुलिस ने घटनास्थल से लेकर दिल्ली रोड तक 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें सामने आया है कि आरोपी हत्या करने के बाद बाइक से दिल्ली ओर भागे थे। पुलिस टीमों ने जोया टोल पर भी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें एक बाइक पर तीन संदिग्ध जाते हुए दिखाई दिए हैं। अब पुलिस टीम दिल्ली में आरोपियों की तलाश में जुट गई है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।