मुरादाबाद। दुबई एक्सपो 2020 में शुक्रवार को टेक्सटाइल वीक का आगाज हुुआ, जो 2 दिसंबर तक चलेगा। टेक्सटाइल वीक का उद्घाटन कपड़ा मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव विजय कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर कपड़ा मंत्रालय के व्यापार सलाहकार जय कर्ण सिंह भी मौजूद रहे।
टेक्सटाइल वीक में अपरैल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल, द सिंथेटिक एंड रेयोन टेक्सटाइल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल, हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद, कारपेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल, कॉटन टेक्सटाइल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल, वुल एंड वूलेन एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल और हैंडलूम एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल जैसी प्रमुख काउंसिल भाग ले रही हैं। हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) के चेयरमैन राजकुमार मल्होत्रा ने बताया कि दुबई में आयोजित दुबई एक्सपो 2020 का आगाज एक अक्तूबर 2021 से हुआ है, जो 31 मार्च 2022 तक चलेगा। उन्होंने बताया कि एक्सपो में इंडिया पवेलियन सबसे बड़े प्लेटफार्म में से एक है, जो भारत को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने और देश को विकास और इनोवेशन के लिए अगले केंद्र के रूप में पेश करने का एक सुनहरा अवसर प्रदान कर रहा है।
दुबई एक्सपो में ही टेक्सटाइल वीक का आयोजित किया जा रहा है। ईपीसीएच के महानिदेशक डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि भारत दुनिया में कपड़ों का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक देश है। टेक्सटाइल वीक वैश्विक निवेशकों और खरीददारों को एक बेहतरीन मौका है। ईपीसीएच के कार्यकारी निदेशक आरके वर्मा ने बताया कि इस संवाद का उद्देश्य कपड़ा क्षेत्र में निवेश को आकर्षित कर उत्पादन और निर्यात को बढ़ावा देना है।