बिलारी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुरादाबाद के तत्वावधान में तहसील बिलारी प्रशासन की ओर से बुधवार सुबह ब्लॉक के ढकिया नरु गांव स्थित पंचायत सचिवालय पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे तहसीलदार प्रवीण कुमार ने ग्रामीणों को प्रदेश शासन द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। तहसीलदार ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण बीमा योजना, कृषक दुर्घटना बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, दैवीय आपदा योजना आदि की जानकारी दी। उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन और विधवा पेंशन पाने की पात्रता और आयोजन करने का तरीका बताया। तहसीलदार ने नई राजस्व संहिता और राजस्व विभाग के नए कानूनों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। अंत में उन्होंने सभी को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। शिविर का संयुक्त संचालन कर रहे पैराविधिक सहायक अदनान हुसैन और रिंकी ने विस्तार से विधिक जागरूकता शिविर के आयोजन का उद्देश्य बताया। शिविर में लेखपाल आसिया और एएनएम सुधा भी मौजूद रहीं। शिविर को सफल बनाने में ढकिया नरु के दोनों राशन कोटेदारों सद्दाम हुसैन और ओमवीर सिंह का भी सहयोग रहा।