कुंदरकी। मैनाठेर थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाके तमंचे का भय दिखाकर एक किशोरी के साथ दुष्कर्म किए जाने की घटना सामने आई है। पीड़िता के भाइयों ने आरोपी युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला दो वर्गों से जुड़ा है।
मैनाठेर थाने में एक ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार की देर रात उसकी 16 वर्षीय बेटी दोमंजिले मकान के एक कमरे में सो रही थी। आरोप है कि रात में दो बजे पड़ोस का ही एक युवक सीढ़ी के माध्यम से दीवार फांदकर उसके घर में घुस आया और तमंचे का भय दिखाते हुए उसकी बेटी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। जब उसकी बेटी ने शोर मचाया तब परिजन जाग गए और घटना को लेकर पूरे परिवार में खलबली मच गई।
इस दौरान पीड़िता के भाइयों ने शोर मचाते हुए आरोपी युवक को मौके पर घेरकर पकड़ लिया। बाद में स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। मैनाठेर पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए गिरफ्तार युवक के खिलाफ दुष्कर्म करने के अलावा पॉस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं पीड़ित किशोरी को भी मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।