मुरादाबाद। कटघर क्षेत्र की 17 साल की किशोरी अपनी मौसी के घर जाने का बहाना बनाकर चार दिन पहले लापता हो गई। किशोरी के पिता ने एक युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस इस मामले में युवक की तलाश कर रही है।
कटघर थाना क्षेत्र के पीतल बस्ती क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी 17 साल की बेटी 27 अगस्त को घर से मौसी से मुलाकात करने की बात कहकर निकली। इसके बाद शाम तक वापस नहीं लौटी। पूछने पर पता चला कि किशोरी मौसी के घर भी नहीं गई है। परिजनों ने अन्य रिश्तेदारों के यहां तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल सका। किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि किराये पर रहने वाला अरुण ठाकुर उसकी बेटी के व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेज चुका है। आशंका है कि अरुण ही उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि अरुण ठाकुर के खिलाफ केस दर्ज किया है।