मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) मुरादाबाद की चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में वृहस्पतिवार को हुई बैठक में शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को निस्तारित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने मांगे पूरी न होने की स्थिति में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना देकर आंदोलन करने का निर्णय लिया।
जिला अध्यक्ष राजीव कुमार पाठक ने कहा कि 2005 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को भविष्य निधि खाते में 30 जून तक धनराशि भेजी जानी थी, लेकिन अभी तक नहीं भेजी गई। इसके कारण शिक्षकों में रोष व्याप्त है। शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों को पुरानी पेंशन व्यवस्था में शामिल करने, चिकित्सा सुविधा प्रदान करने पर प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही समान कार्य के लिए समान वेतनमान की सुविधा, 62 वर्ष पर सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को ग्रेच्युटी देने और स्थानांतरण व्यवस्था को सुलभ बनाए जाने जैसी समस्याओं पर भी वक्ताओं ने प्रस्ताव पारित करवाए। प्रदेश संघर्ष समिति के सदस्य डॉ. सुनीत गिरि ने कहा कि शिक्षकों की लंबित मांगों के निराकरण के लिए 20 अगस्त को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान पुष्पेश मिश्र, सलिल मोहन, डॉ. सुरेन्द्र कुमार वर्मा, राजीव कुमार शर्मा, प्रदीप कुमार चौहान, राखी रस्तौगी, अनिल चौहान आदि मौजूद रहे। ब्यूरो