कुंदरकी। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शनिवार को शिक्षक दिवस पर कुंदरकी ब्लॉक के ग्राम रतनपुर कला स्थित मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के 1000 से अधिक शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी शामिल हुए। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह और विशिष्ट अतिथि एमएलसी डॉ जयपाल सिंह व्यस्त ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्पण कर किया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और कंपोजिट विद्यालय मालीपुर की छात्राओं ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। समारोह में विधायक रामवीर सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। एक शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देता बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य को भी दिशा देता है। उन्होंने सरकार की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न निशुल्क योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं के समाधान में सहयोग का आश्वासन देते हुए हर वर्ष शिक्षक दिवस पर शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित करने की बात कही। विधान परिषद सदस्य डॉ जयपाल सिंह व्यस्त ने डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षक दिवस की महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि शिक्षक आने वाली पीढ़ियों के चरित्र और भविष्य का निर्माण करते हैं। साथ ही शिक्षकों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
सेवानिवृत्त शिक्षकों को शाल, उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और गत सत्र में सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों को शाल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालयों में नवाचार एवं उत्कृष्ट कार्य करते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। समारोह में शामिल सभी शिक्षकों को भी उपहार देकर सम्मानित किया गया। समारोह के अंत में खंड शिक्षा अधिकारी त्रिलोकी नाथ ने सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए और आभार व्यक्त किया। संचालन जय प्रधान एवं पुष्पांजलि दक्ष ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में ब्लॉक प्रशासक के पति गुलाम जिलानी, कुंदरकी के चेयरमैन पति मेहंदी हसन, रवींद्र पाल, बबलू जाटव, संजय कश्यप, नेता इरफान समेत संभ्रांत लोग मौजूद रहे।