नगर निगम की टीम ने वसूली अभियान तेज कर दिया है। टीम ने शुक्रवार अभियान चलाकर एक होटल और एक अस्पताल पर बकाया टैक्स को लेकर सील की कार्रवाई शुरू की। जिसके बाद बकाया टैक्स में से होटल संचालक द्वारा 40 लाख तथा अस्पताल संचालक द्वारा 20 लाख रुपये जमा कर दिए गए। शेष बाकी रकम जल्द जमा करने के आश्वासन पर टीम ने सील की कार्रवाई नहीं की। टीम ने दिल्ली रोड स्थित एक अन्य होटल एवं बारात घर पर भी सील की कार्रवाई करने के लिए नोटिस चस्पा किया, लेकिन बाद में सील करने की कोई कार्रवाई नहीं की गई।
अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह व मुख्य कर निर्धारण अधिकारी आरके सोनकर की अगुवाई में निगम की टीम ने शुक्रवार को वसूली अभियान चलाया। टीम सबसे पहले कांठ रोड स्थित होटल अमारा पहुंची। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि संबंधित होटल को बकाया टैक्स अदा न करने पर सील करने की कार्रवाई शुरू की। इस पर होटल संचालक की ओर से बकाया टैक्स में से 40 लाख रुपये जमा कर दिए गए। इसके बाद टीम असालतपुरा प्रिंस रोड स्थित अमतुल एजुकेशनल ट्रस्ट (हॉस्पिटल) पर पहुंचीं। वहां भी बकाया टैक्स अदा न करने पर हॉस्पिटल सील करने की चेतावनी दी। जिसके बाद हास्पिटल संचालक ने बकाया टैक्स में से 20 लाख रुपये का चेक टीम को दे दिया। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि इसमें से कांठ रोड स्थित होटल पर चार साल का करीब एक करोड़ रुपये का टैक्स तथा हास्पिटल पर तीन साल का करीब 47 लाख रुपये का टैक्स बकाया था। जिसकी वसूली के लिए पहले नोटिसें भेजी गईं थीं, लेकिन दोनों ही प्रतिष्ठानों द्वारा टैक्स जमा नही किया गया था। दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 60 लाख रुपये बकाया टैक्स प्राप्त करने के बाद नगर निगम टीम ने सील आदि की कार्रवाई नहीं की।
टीम इसके बाद दिल्ली रोड सर्किट हाउस के निकट स्थित एक होटल/बारातघर पर भी पहुंची थी तथा वहां वसूली का नोटिस चस्पा की, लेकिन वहां होटल संचालक से बातचीत के बाद टीम बिना कोई कार्रवाई किए वापस चली गई। इस संबंध में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी आरके सोनकर ने बताया कि वहां वसूली के लिए टीम गई थी। लेकिन होटल संचालक ने अपना पक्ष रखा है। बातचीत के बाद उस पर जल्द निर्णय लिया जाएगा।
--