मुरादाबाद। कटघर के भदौरा में सोमवार सुबह मिला शव भदौरा निवासी तालिब का था। भाई शहनवाज ने कपड़ों और शव से मृतक की पहचान तालिब की रूप में की। तालिब के ही दोस्त पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। जिसके बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
सोमवार सुबह कटघर के भदौरा में खाली प्लाट में एक युवक का खून से लथपथ हालत में शव पड़ा मिला था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच कर जांच पड़ताल की थी। इसके बाद मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला था कि मृतक के शरीर पर चोटों के निशान हैं। अधिक खून बह जाने की वजह से उसकी मौत हुई थी। मंगलवार सुबह भदौरा निवासी शाहनवाज कटघर थाने पहुंचा। उसने तीन दिन से लापता अपने भाई तालिब के बारे में जानकारी दी। इसके बाद वह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा और शव व कपड़े देखकर मृतक की पहचान भाई तालिब के रूप में की। तालिब कबाड़ खरीदने-बेचने का काम करता था। शाहनवाज ने पुलिस को बताया कि तीन दिन पहले उसका दोस्त घर से बुलाकर ले गया था। भाई ने दोस्त पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है। कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान हो गई है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।