संक्रमण की सुस्त पड़ती रफ्तार के बीच बच्चों के टीकाकरण में शहरी पिछड़ते जा रहे हैं। जिले में बच्चों को कोरोना से बचाव का टीका लगवाने में ठाकुरद्वारा वाले सबसे आगे हैं। यहां सबसे अधिक 24.9 फीसदी बच्चों को टीका लग चुका है, जबकि सबसे कम मुरादाबाद शहर में दो फीसदी बच्चों का टीकाकरण हुआ है। मुरादाबाद वालों को ठाकुरद्वारा वालों से सीख लेना चाहिए। डरे नहीं बेफिक्र होकर बच्चों का टीकाकरण कराएं।
जिले में बुजुर्गों, युवाओं और किशोरों के बाद 12 से 14 वर्ष तक बच्चों का भी टीकाकरण किया जा रहा है। जिले में इसकी शुरुआत 16 मार्च को हुई। इसके तहत जिले में 1,31,410 बच्चों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जाना है। लेकिन अभी रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। अभी तक जिले में 13417 बच्चों ने वैक्सीन की पहली डोज ली है। बच्चों के टीकाकरण में ठाकुरद्वारा सबसे आगे है, जबकि मुरादाबाद सबसे पीछे है। ठाकुरद्वारा में सबसे अधिक 2631 बच्चों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जा चुका है। जो ठाकुरद्वारा के निर्धारित लक्ष्य का 24.9 प्रतिशत है। वहीं मुरादाबाद शहरी क्षेत्र के केंद्रों पर अभी तक सिर्फ 738 बच्चे ही टीका लगवाने पहुंचे। जो लक्ष्य की तुलना में महज दो फीसदी है।
- बच्चों का टीकाकरण बढ़ाने के लिए स्कूल संचालकों से सहयोग लिया जा रहा है। स्कूलों में कैंप लगाकर टीकाकरण बढ़ाया जाएगा। अभिभावकों से अपील है कि डरे नहीं, बेफिक्र होकर बच्चों को कोरोना से बचाव का टीका लगवाएं। - डॉ. दीपक वर्मा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
21 दिनों में सिर्फ दस फीसदी बच्चों को लगा टीका
मुरादाबाद। जिले में 16 मार्च से बच्चों का टीकाकरण हो रहा है। इन 21 दिनों में जिले में 13417 बच्चों को ही वैक्सीन की पहली डोज लग पाई है। जो लक्ष्य की तुलना में सिर्फ 10.2 प्रतिशत है। ऐसे में 1,31,410 बच्चों के टीकाकरण में काफी समय लग सकता है।
कहां कितने बच्चों को लगा टीका
क्षेत्र बच्चों की संख्या
भोजपुर 1685
बिलारी 1355
डिलारी 819
कांठ 1023
कुंदरकी 1545
मूंढापांडे 2411
ताजपुर 1210
ठाकुरद्वारा 2631
मुरादाबाद 728