संभल से नोएडा के लिए शुरू की गई नोएडा डिपो की रोडवेज बस पहले ही दिन विवादों में घिर गई। ट्रायल के लिए संभल तक गई बस का बिना अनुमति उद्घाटन करा दिया गया। रविवार को सपा विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहैल इकबाल ने बस को झंडी दिखाकर रवाना किया था। जांच में सामने आया कि बस संचालन के संबंध में संभल बस स्टेशन और एआरएम को कोई औपचारिक सूचना नहीं दी गई थी।
फिलहाल बस का संचालन बंद कर दिया गया है और परिचालक को ड्यूटी से हटा दिया गया है।एआरएम प्रेम सिंह ने बताया कि जांच में पता चला कि संभल बस स्टेशन इंचार्ज को भी बस संचालन की जानकारी नहीं थी। नोएडा डिपो की बस सीधे संभल बस स्टेशन पहुंची और वहीं से उसका संचालन शुरू कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि जब तक नियमानुसार अनुमति नहीं ली जाएगी, तब तक इस बस का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। इस संबंध में नोएडा डिपो के एआरएम से लिखित रूप में यह पूछा गया है कि बस संचालन की अनुमति किस अधिकारी ने दी। जवाब मिलने के बाद कार्रवाई के लिए रिपोर्ट क्षेत्रीय प्रबंधक नोएडा को भेजी जाएगी।
रविवार को बस सेवा के शुभारंभ के दौरान सपा विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहैल इकबाल रोडवेज बस स्टेशन पहुंचे और हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया था। तस्वीरें वायरल होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई। चालक और परिचालक से पूछताछ में जानकारी मिली कि नोएडा डिपो की ओर से विधायक पुत्र को सूचना दी गई थी।
बस केवल ट्रायल के लिए संभल भेजी गई थी। यदि पर्याप्त यात्री मिलते तो क्षेत्रीय प्रबंधक से अनुमति लेकर बस का नियमित संचालन शुरू किया जाता। इस बस का प्रस्तावित रूट चंदौसी था। स्टैंड पर खड़ी बस को देखकर कुछ सपा कार्यकर्ताओं ने परिचालक से जानकारी ली और बाद में विधायक पुत्र ने बस को रवाना किया। बिना विभागीय अनुमति के उद्घाटन कराने को गंभीरता से लिया गया। परिचालक को ड्यूटी से हटा दिया गया है। विवाद खड़ा होने की वजह से बस का संचालन भी रोक दिया गया है।
-शबीना अंजुम, एआरएम, नोएडा