मुरादाबाद। झारखंड प्रदेश के बोकारो जनपद से रेल द्वारा मुरादाबाद तक ऑक्सीजन पहुंचाई जाने लगी है। बोकारो से दो ऑक्सीजन एक्सप्रेस बरेली लाईं गईं। इसके बाद वहां से शाहजहांपुर और मुरादाबाद के लिए 22.5 मीट्रिक टन ऑक्सीजन के टैंकर रवाना किए गए। बुधवार को ये टैंकर ऑक्सीजन लेकर मुरादाबाद पहुंचे हैं। इसके बाद अधिकारियों की मौजूदगी में मेडिकल ऑक्सीजन जिला प्रशासन को सौंप दी गई।
रेलवे के मुताबिक मुरादाबाद को लगभग 20 लाख लीटर ऑक्सीजन की सप्लाई की गई है। इससे जनपद में ऑक्सीजन की मांग पूरी करने में सहायता मिलेगी। एक ओर जहां विभिन्न शहरों में मरीजों को अस्पतालों में बेड नहीं मिल पा रहे हैं और ऑक्सीजन की किल्लत है। वहीं रेलवे इस आपदा की स्थिति में कोविड आइसोलेशन कोचों के माध्यम से सामान्य लक्षण वाले मरीजों को आइसोलेट कर रहा है। हालांकि मुरादाबाद में अभी ऐसी आवश्यकता नहीं पड़ी है। इसके अलावा रेलवे विभिन्न शहरों में प्राणवायु पहुंचाकर भी काफी मदद कर रहा है। पिछले साल लॉकडाउन के दिनों में भी जहां यात्री ट्रेनों के पहिये थम गए थे। वहीं रेलवे ने आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई लगातार जारी रखी थी और सामान्य दिनों से भी अधिक संख्या में मालगाड़ियों का परिचालन किया। इसके फलस्वरूप रेलवे को यात्री न होने के बावजूद वित्तीय हानि का सामना नहीं करना पड़ा। सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने बताया कि बोकारो से मुरादाबाद रेल मंडल में सप्लाई के लिए कुल 40 टन ऑक्सीजन ट्रेन द्वारा भेजी गई है। इनमें से दो टैंकर शाहजहांपुर और बरेली के लिए हैं। जबकि एक टैंकर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।