मुरादाबाद। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने गुरुवार रात जीआरपी थाने में तैनात सीनियर सब इंस्पेक्टर को 20 हजार रुपये की घूस लेते गिरफ्तार कर किया है। एसएसआई ने छेड़खानी के आरोपी टीटीई से केस में एफआर लगाने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी। टीम आरोपी को पकड़ कर सिविल लाइसं थाने ले गई। यहां गुरुवार देर रात तक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई चलती रही।
आरोपी एसएसआई चंद्रपाल सिंह की तैनाती जीआरपी मुरादाबाद थाने में है। 14 नवंबर को पीड़ित टीटीई आनंदविहार से सुल्तानपुर जाने वाली एक ट्रेन में तैनात थे। ट्रेन में शबनम खातून नाम की एक महिला बिना टिकट पाई गईं। टीटीई कोमल कृष्ण ने रेलवे के नियमानुसार महिला पर खिलाफ जुर्माना लगाया।
टीटीई का कहना है कि इससे महिला काफी नाराज हो गई और कहने लगी कि नौकरी करना सिखा दूंगी। सुल्तानपुर में ट्रेन से उतरने के बाद महिला ने जीआरपी थाने में टीटीई के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई। चूंकि महिला मुरादाबाद से ट्रेन में चढ़ी थी इसलिए मुकदमा यहां ट्रांसफर कर दिया गया। इसकी विवेचना जीआरपी के एसएसआई चंद्रपाल सिंह को सौंपी गई।
आरोप है कि उन्होंने मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के नाम पर कोमल कृष्ण से डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। टीटीई कोमल कृष्ण के इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताने पर मामला पचास हजार रुपये में तय हुआ। साथ ही टीटीई ने इस मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो में की। टीम ने इस मामले की पूरी प्लानिंग की और बीस हजार रुपये के नोट कलर लगाकर शिकायत कर्ता को दे दिए। गुरुवार रात कोमल कृष्ण से आरोपी एसएसआई को फोन करवाया गया और उसे रेलवे स्टेशन के बाहर रुपये लेने के लिए बुलवा लिया।
कोमल कृष्ण ने जैसे ही दरोगा के हाथ में रुपये दिए। पहले से वहां मौजूद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद रुपये भी कब्जे में ले लिए। सिविल लाइंस थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम दरोगा को बीस हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी दरोगा के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।