मुरादाबाद। ज्ञानपुर गांव में 19 अप्रैल की सुबह महिला से कुंडल लूटने के बाद पाकबड़ा में पंप ऑपरेटर को गोली मारने की वारदात एक दरोगा के बेटे ने साथी बदमाश के साथ अंजाम दी थी। पुलिस की गिरफ्त में आए दरोगा के बेटे ने बताया कि स्मैक खरीदने का धन जुटाने के लिए उसने लूट की थी।
एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में दोनों वारदात का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मझोला थानाक्षेत्र के ज्ञानपुर गांव निवासी राजेंद्री देवी से मंगलवार सुबह 5:40 बजे रास्ता पूछने के बहाने बाइक सवार दो बदमाशों ने कुंडल लूट लिए थे। बदमाशों ने महिला को तमंचा दिखाकर डराया धमकाया भी था। इसके बीस मिनट बाद ही बदमाशों ने पाकबड़ा क्षेत्र में छजलैट के मलपुर खय्या निवासी चीनी मिल के पंप ऑपरेटर राम सिंह (55) से बाइक लूटने का प्रयास किया था। रामसिंह ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। लोगों के जुटने से पहले ही बदमाश मौके से भाग निकले थे। बदमाशों को पकड़ने के लिए पाकबड़ा, मझोला थाने की पुलिस और एसओजी को लगाया गया था। जांच में पुलिस को मोबाइल से खींची गई एक फोटो हाथ लगी। इस फोटो के जरिये पुलिस अमन चौधरी निवासी अवंतिका कालोनी और अमन ठाकुर निवासी आशियाना कालोनी तक पहुंची। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अमन चौधरी ने बताया कि उसके पिता जितेंद्र कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा हैं और वर्तमान में उनकी तैनाती बरेली कोतवाली में है, जबकि अमन ठाकुर ने बताया कि उसके पिता होरी लाल ऑटो चालक हैं। दोनों ने बताया कि उन्होंने स्मैक खरीदने के लिए इन वारदातों को अंजाम दिया था। दोनों से पूछताछ में अपने तीसरे साथी का नाम विकुल निवासी गोहरपुर थाना भोजपुर बताया था। इसके बाद एसएसपी ने आरोपी विकुल पर पच्चीस हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। बुधवार रात नया मुरादाबाद स्थित हर्बल पार्क के पास मुठभेड़ में विकुल को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान विकुल की टांग में गोली लगी थी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार दोपहर बाद पुलिस ने अमन चौधरी और अमन ठाकुर को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।