मुरादाबाद। यूपीसीए की ओर से अंडर-19 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग का आगाज शुक्रवार को आईएफटीएम विश्वविद्यालय मैदान पर हुआ। पहले दिन मुरादाबाद, संभल, रामपुर और अमरोहा की टीम के खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया।
यूपीसीए के चयनकर्ता पूर्व रणजी खिलाड़ी संजीव जखमौला और सर्वेश भटनागर ने बतौर ऑब्जर्वर के रूप में बारीकी से खिलाड़ियों की तकनीक देखी। डीएसए सचिव विजय गुप्ता के अनुसार ट्रायल में पहला मैच डीएसए मुरादाबाद रेड और डीएसए रामपुर के बीच खेला गया, इसमें टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए डीएसए रामपुर की पूरी टीम 38 ओवर में 186 रन पर ही ढेर हो गई। जवाब में डीएसए मुरादाबाद रेड ने पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
दूसरे मैच में डीएसए संभल ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवर में नौ विकेट खोकर 269 रन बनाए। जवाब में डीएसए अमरोहा ने दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पहले मैच में जतिंद्र सिंह और पलक शर्मा ने अंपायरिंग की और प्रगति तिवारी ने स्कोरिंग की। दूसरे मैच में आयुष वत्स व प्रियंका सिंह ने अंपायरिंग और प्रणव दास ने स्कोरिंग की। इस मौके पर डीएसए के संयुक्त सचिव नितिन गुप्ता, क्रिकेट कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।