मुरादाबाद। अब जिला जेल में बंद कैदी सजा काटने के साथ ही सेहत भी बना सकेंगे। जेल में कैदियों को सेहतमंद बनाने और उन्हें तनाव से दूर रखने के लिए जेल परिसर में ही ओपन जिम की स्थापना की गई है।
जेल मुख्यालय की पहल पर जिला जेल में तीन दिन पहले जिम के लिए मेरठ से आठ मशीनें आई थीं। मशीनों को जेल परिसर में स्थापित कर दिया गया है। एक मई से जेल के बंदियों और कैदियों ने ओपम जिम में कसरत भी शुरू कर दी है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि जिम की स्थापना से कैदी काफी खुश हैं।
उन्होंने कहा कि बैरक में बंद कैदी अक्सर तनावग्रस्त हो जाते हैं। तनाव को दूर करने के लिए योग कार्यक्रम चलाया जाता है। अब कैदियों के सामने तनाव दूर करने का एक और विकल्प है। बंदी निश्चित समय पर जिम में कसरत कर सकेंगे। युवा कैदी जिम में सिक्स पैक एब्स भी बना सकेंगे। कसरत के दाैरान जेल के अधिकारी सीसीटीवी कैमरों की मदद से बंदियों और कैदियों की निगरानी करेंगे।