मंडी सचिव के वायरल वीडियो की सिटी मजिस्ट्रेट करेंगी जांच
मंडी समिति में बुधवार को हंगामे के बीच प्रभारी मंडी सचिव महादेवी का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में वह काउंटर पर बैठकर लाइसेंस नवीनीकरण के पैसे ले रही हैं। इस वायरल वीडियो की सत्यता की जांच सिटी मजिस्ट्रेट करेंगी।
शिवसेना और उद्योग व्यापार संगठन ने किया समर्थन : शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों का शोषण रोका जाए। वहीं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विपिन गुप्ता ने कहा कि मंडी में व्यापारियों की दुकानें आज से नहीं हैं। उन्हें कोई स्थान दिया जाए। उनकी दुकानें तोड़ना जायज नहीं है।
मंडी में मेरे लिए सभी व्यापारी एक समान हैं। किसी को हानि पहुंचाने की मेरी कोई मंशा नहीं है। केवल शासन के आदेशों का पालन कराया जा रहा है। रही बात वायरल वीडियो की तो यह वीडियो उस समय का है, जब मैं मंडी निरीक्षक के पद पर कार्य कर रही थी। मंडी शुल्क, विकास सेस, यूजर चार्ज, लाइसेंस शुल्क एक साथ सभी बकाया जमा कराकर ही नवीनीकरण की कार्रवाई की जाती है। - महादेवी, प्रभारी मंडी सचिव
मंडी समिति में भाजपा नेताओं या पार्टी से जुड़े लोगों की दुकानें तोड़ी जा रही हैं। बुधवार को भी बिना किसी सूचना के मंडी सचिव भाजपा नेता की दुकान गिराने पहुंच गईं। यहां के आढ़तियों की स्थिति से मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को अवगत कराया गया है। आढ़तियों की बेहतरी के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। मंडी सचिव के पैसे लेने का वीडियो वायरल हुआ है। इसकी शिकायत मंत्री, कमिश्नर और डीएम से की गई है। - रितेश गुप्ता, नगर विधायक
मंडी समिति में अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई चल रही है। करीब 126 नई दुकानों का भी प्रस्ताव भेजा गया है। नगर विधायक की मांग है कि लाइसेंस के सापेक्ष दुकानों का निर्माण हो। इसके लिए दोबारा प्रस्ताव भेजा जाएगा। दुकानदारों के साथ बैठक कर वार्ता के बाद मंडी समिति से अवैध कब्जा हटवाया जाएगा। मंडी में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा। - अनुज सिंह, डीएम