मुरादाबाद। शिवसैनिकों ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के समर्थन में शनिवार को मनोकामना मंदिर के सामने धरना दिया। पार्टी ने प्रदेश सरकार से अभद्रता में शामिल दोषी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मांग की। शिवसैनिकों का कहना है कि कार्रवाई नहीं होने तक अन्य मंदिरों में लगातार धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने प्रदेश सरकार से सवाल किया कि यदि साधु संत भारत में धार्मिक स्नान नहीं करेंगे तो कहां करेंगे। उन्होंने कहा कि माघ मेले में स्नान में जाने वाले साधु संतों को रोका गया। प्रशासन ने अभद्रता करने के साथ साथ साधु संतों को पीटने को लेकर पूरा हिंदू समाज आक्रोशित है। शनिवार को शिवसैनिकों ने मनोकामना मंदिर के सामने धरना प्रदर्शन किया। शिव सैनिकों ने धरना देकर हिंदुओं को जगाने और हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले अधिकारियों के निलंबन की मांग की है। शिवसेना जिला प्रमुख का कहना है कि महानगर के प्रत्येक मंदिर प्रसिद्ध मंदिरों में क्रमवार रोज धरना दिया जाएगा। कार्रवाई नहीं होने पर शिवसेना आमरण अनशन करेगी। धरना प्रदर्शन में मुदित उपाध्याय, कमल सिंह राव, अरुण ठाकुर, उमेश ठाकुर, शिबू पांडे, आकाश सिंह, पंकज पाल, बादाम सिंह, मयंक सैनी, दीपक, शरद कपूर, अंकुल टंडन, सुरेश सैनी आदि मौजूद थे।