मुरादाबाद। सरकारी विभागों के भ्रष्टाचार के खिलाफ शिवसेना कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोलते हुए बुधवार को जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया। भ्रष्टाचार हटाओ-भ्रष्ट अधिकारी भगाओ के नारे लगाने के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों ने एलान किया कि भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लगाया गया तो जनप्रतिनिधियों के आवासों का घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा।
शिवसेना मुरादाबाद के जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में शिवसेना पदाधिकारी बुधवार को कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां एक जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पर पहुंचे। यहां उन्होंने जिले में सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार बढ़ने, जनसामान्य से धन वसूली करने, लोगों का मानसिक व आर्थिक उत्पीड़न किए जाने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी के कार्यालय में मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि प्रभारी मंत्री के आगमन पर भी शिव सैनिकों ने ज्ञापन दिया था लेकिन कोई कार्यवाही न होने के कारण अब मुख्यमंत्री को भेजा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कदम नहीं उठाए गए तो शिवसेना जनप्रतिनिधियों के आवासों के बाहर प्रदर्शन करेगी, मुरादाबाद आगमन पर वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों का घेराव किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों में मुख्य रूप से कमल सिंह राव, मुदित उपाध्याय, शिबू पांडे, राजीव राठौर, आकाश सिंह, अरुण ठाकुर, उमेश ठाकुर, जीतू, पंकज, बादाम सिंह, दीपक, अंकुर टंडन, सुरेश सैनी, भारत अरोरा व राजपाल सिंह समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।