कलक्ट्रेट पर धरने पर बैठे लोग।अमर उजाला
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। सात माह पहले अपहृत किशोरी को खोजने व आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मां और पिता के साथ बैठा किशोरी का छोटा भाई रक्षाबंधन पर कलाई सूनी देख धरना स्थल पर रोने लगा। मांता-पिता व अन्य लोगों के समझाने पर भी जब वह चुप नहीं हुआ तो उसकी मां राखी खरीद कर ले आई और उसके हाथ पर बांध दी। जिसके बाद ही वह चुप हो सका। इधर किशोरी को खोजने के लिए परिवार द्वारा एसएसपी कार्यालय के सामने दिया जा रहा धरना रविवार 40वें दिन भी जारी रहा।
मझोला थाना क्षेत्र के कांशीरामनगर से दस जनवरी को अपहृत की गई किशोरी को खोजने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित परिवार द्वारा एसएसपी कार्यालय पर 14 जुलाई से धरना शुरू किया गया था जो रविवार 40वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर पहले दिन से ही किशोरी के माता-पिता के साथ उसका 11 वर्षीय छोटा भाई भी धरने पर बैठ रहा है। रविवार रक्षा बंधन के दिन सुबह धरना स्थल पर बैठा किशोरी का भाई कुछ लोगों के हाथ में राखी बंधी देख रोने लगा। माता-पिता के पूछने पर उसने बताया कि उसे उम्मीद थी कि पुलिस उसकी बहन को रक्षा बंधन से पहले खोज लाएगी। पर ऐसा न हो सका जिससे उसकी कलाई सूनी है। माता-पिता ने उसे चुप कराने का प्रयास किया लेकिन उसके आंसू नहीं रुके। तब उसकी मां धरना स्थल से उठ कर एक दुकान से राखी खरीद कर लाई और उसके हाथ पर बांधा। पिता भी एक दुकान से मिठाई का डिब्बा ला कर उसे मिठाई खिलाई। तब जाकर वह चुप हो सका।